नक्सलियों ने लूट ली रसोई गैस सिलेंडर लदी ट्रक, सुरक्षाबलों को जंगल में क्लच-प्लेट टूटी मिली गाड़ी

सोमवार देर रात जवानों ने खोजे सिलेंडर, पिकअप खराब होने की वजह से जंगल में छोड़कर भाग गए थे नक्सली, SP ने की मामले की पुष्टि

Updated: Feb 01, 2022, 08:36 AM IST

Photo Courtesy: Doon horizion
Photo Courtesy: Doon horizion

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सुकमा में नक्सलियों ने रसोई गैस सिलेंडर से भरा पिकअप वाहन लूट लिया। इस वाहन को सुरक्षाबलों ने बरामद कर लिया है। CRPF और DRG जवानों ने तत्परता दिखाते हुए रसोई गैस सिलेंडर से भरा पिकअप जंगल से बरामद किया है। सोमवार देर देर रात सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन चलाया था, जिसमें उन्हें सफलता मिली है। नक्सलियों ने रसोईगैस सिलेंडर लदे पिकअप को जंगल में छिपाया था। पिकअप वाहन का क्लच प्लेट टूटा मिला है। सुरक्षा बलों को आशंका है गाड़ी खराब होने की वजह से वे उसे जंगल में छोड़कर भाग गए होंगे। सुकमा SP सुनील शर्मा ने सिलेंडर समेत वाहन मिलने की पुष्टि की है।

सोमवार को ये सिलेंडर सुरक्षा बलों के भेज्जी कैंप में वितरण के लिए भेजे गए थे। पिकअप में ड्राइवर और हेल्पर सवार थे। ड्राइवर का कहना है कि गोरखा और कोताचेरु के पास नक्सलियों ने उनकी गाड़ी रुकवा ली। दोनों के साथ मारपीट की और मोबाइल भी छीन लिए। नक्सलियों ने धमकी दी थी कि अगर दोबारा जवानों को सिलेंडर सप्लाई करने आए तो उन्हें जिंदा नहीं छोड़ा जाएगा।

मामले की खबर पाकर जवानों की एक टीम एक्टिव हो गई। इधर CRPF 129 बटालियन को पिकअप के जंगल में होने के बारे में खबर मिली। जिसके बाद सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन चलाया और वाहन को बरामद कर लिया। पिकअप वाहन चिंतागुफा के आगे ग्राम नागाराम के पास जंगलो में मिला है। इस वाहन में 48 भरे और 12 खाली सिलेंडर बरामद किए हैं।