शातिर किराएदारों ने मकान मालिक को ठगा, बीमारी का बहाना बनाकर ऐंठे लाखों के रुपए

कवर्धा में एक दंपति का भरोसा जीतकर किराएदार ने लूटे पैसे, बीमारी का ढोंग रचाकर इलाज के नाम पर लिए करीब सवा दो लाख रुपए, मकान मालकिन ने सोने-चांदी के गहने गिरवी रखकर किया था पैसों का इंतजाम

Updated: Jan 31, 2022, 12:55 PM IST

Photo Courtesy: bhaskar
Photo Courtesy: bhaskar

कवर्धा। शहर में एक दंपति से लाखों की लूट का मामला सामने आया है। मकान मालिक से ठगी का आरोप उनके किराएदारों पर ही लगा है। किराएदार महिला ने इमोशनल ब्लैकमेल कर मकान मालिक से करीब 2 लाख रुपए से ज्यादा की रकम ऐंठी है। इस पैसे का इंतजाम करने के लिए मकान मालकिन ने अपने सोने के गहने गिरवी रखे थे। दरअसल कवर्धा के लोहार स्थित राजमहल मोहल्ले में आरोपी पति-पत्नी किराये का मकान लेकर रहते थे। किराएदार महिला ने मकान मालकिन से नजदीकियां बढ़ाईं, वह उनके घर खूब आती-जाती थी। खाना पीना शेयर होता था। शातिर किराएदार महिला ने मकान मालकिन को चिकनी चुपड़ी बातों में फंसाया। उसने गंभीर बीमारी का बहाना बनाया और पैसे मांगे। मकान मालकिन ने पैसे नहीं होने बात कही, जिसके बाद गहने गिरवी रखकर पैसों का इंतजाम करना तय हुआ था। किराएदारों ने कहा था कि वह इलाज के बाद गांव की जमीन बेचकर उसके पैसे लौटा देगी।

आरोपियों ने महिला से 53 हजार कैश, एक जोड़ी सोने के झुमके, सोने का हार और पायल गिरवी रखकर 2 लाख 30 हजार रुपये लिए थे। जैसे ही आरोपियों को पैसा मिला वे रातों-रात मकान खाली कर फरार हो गए। जब मकान मालिक को उनके लापता होने की खबर लगी तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। आरोपी दंपति अपनी मीठी-मीठी बातों में फंसाकर उससे पैसे लेकर चंपत हो गए। कई दिनों तक उनकी कोई खबर नहीं मिलने पर मकान मालकिन ने उसे फोन लगाया। लेकिन फोन पर कोई संपर्क नहीं हुआ। महिला को अपने साथ हुए धोखे की आशंका हुई, मकान मालिकन ने अपने पति के साथ इसकी शिकायत थाने में दर्ज करवाई। महिला की शिकायत पर पुलिस ने पड़ताल शुरू की। आरोपी दंपति राजनांदगांव में किराए का मकान खोजते पकड़ा गया।

 और पढ़ें: लिफ्ट देने के बहाने महिला को अगवाकर सामूहिक दुष्कर्म, ग्वालियर पुलिस की तत्परता से आरोपी गिरफ्तार

कवर्धा के लोहार स्थित राजमहल चौक निवासी अन्नू शुक्ला और नंद कुमार शुक्ला ने अपनी आपबीती पुलिस को बताई है। आरोपी किराएदारों की पहचान कृष्ण कुमार लोधी, पत्नी का नाम जोगासन बाई के तौर पर हुई है। आरोपियों ने झांसा दिया था कि राजनांदगांव के खैरागढ़ स्थित खतराई में उनकी काफी जमीन है। जिसे बेचकर वे जल्द से जल्द कर्जा लौटा देगा। पति-पत्नी ने मकान मालिक का भरोसा जीतकर उनके साथ धोखा किया। फिलहाल आरोपी दंपति पुलिस की गिरफ्त में हैं। पुलिस को पता चला है कि आरोपी इसी तरह कई लोगों को अपनी मीठी-मीठी बातों में फंसा चुके हैं।