संसद में पेश हुआ इकोनॉमिक सर्वे, वित्त वर्ष 2022-23 में 8-8.5 फीसदी GDP ग्रोथ का अनुमान

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट सत्र के पहले दिन लोकसभा में आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया, वित्त मंत्री के मुताबिक तमाम संकेत बता रहे हैं कि जीडीपी ग्रोथ 8-8.5 फीसदी रहने का अनुमान है

Updated: Jan 31, 2022, 08:37 AM IST

नई दिल्ली। संसद का बजट सत्र सोमवार से शुरू हो चुका है। बजट सत्र का शुरुआत राष्ट्रपति के अभिभाषण के साथ हुआ। राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया। निर्मला सीतारमण ने बताया कि वित्त वर्ष 2022-23 में जीडीपी ग्रोथ 8-8.5 फीसदी रहने का अनुमान है।

केन्द्रीय वित्त मंत्री ने आर्थिक समीक्षा में वित्त वर्ष 2022-23 के लिए केंद्रीय बजट से पहले अर्थव्यवस्था की स्थिति का ब्योरा दिया है। इसमें वित्त वर्ष 2022-23 यानी अप्रैल 2022 से मार्च 2023 के दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था के 8 से 8.5 फीसदी की दर से बढ़ने का अनुमान लगाया गया। वहीं राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (NSO) ने अनुमान लगाया है कि आर्थिक वृद्धि दर 9.2 फीसदी रह सकती है।

यह भी पढ़ें: कम हुई Elon Musk की नेटवर्थ, शेयरों में गिरावट की वजह से करीब दो लाख करोड़ रुपए का नुकसान

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस दौरान कहा कि सभी मैक्रो संकेतकों ने संकेत दिया कि अर्थव्यवस्था चुनौतियों का सामना करने के लिए अच्छी तरह से तैयार है। एग्रीकल्चर और इंडस्ट्रियल उत्पादन वृद्धि में मदद मिली है। आर्थिक सर्वेक्षण के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2022 में रियल जीडीपी ग्रोथ 9.2% तक संभव है। वहीं इस दौरान इंडस्ट्रियल ग्रोथ 11.8% संभव है। इसके साथ ही एग्रीकल्चर सेक्टर में ग्रोथ 3.9% तक हो सकती है।

बता दें कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण मंगलवार 1 फरवरी को संसद में वार्षिक बजट पेश करेंगी। बजट पेश करने से पहले अर्थव्यवस्था की स्थिति का ब्योरा दिया जाता है। आर्थिक सर्वेक्षण देश की अर्थव्यवस्था की सेहत का लेखा-जोखा होता है।