रूस-यूक्रेन में युद्ध से शेयर मार्केट क्रैश, साल की सबसे बड़ी गिरावट के साथ खुले बाजार

रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के चलते गुरुवार को शेयर बाजार में गुरुवार भारी गिरावट है, पहले मिनट में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 1,900 पॉइंट्स टूटकर 55,338 पर पहुंच गया है।

Updated: Feb 24, 2022, 04:46 AM IST

रूस-यूक्रेन में युद्ध के बीच अमेरिकी शेयर बाजार बुधवार को भी भारी गिरावट के साथ बंद हुए हैं। इसका असर आज घरेलू शेयर बाजार में भी सुबह देखने को मिला। बाजार की शुरुआत जबरदस्त बिकवाली के साथ हुई है। पहले मिनट में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 1,900 पॉइंट्स टूटकर 55,338 पर पहुंच गया है। निवेशकों को शुरुआती मिनट में 8 लाख करोड़ रुपए का घाटा हुआ है।

जियोपॉलिटिकल टेंशन के बीच 24 फरवरी के कारोबार में निफ्टी 16600 के नीचे फिसला है। सेंसेक्स 1,426.28 अंक यानी 2.49 फीसदी की गिरावट के साथ 55805.78 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी 407.80 अंक यानी 2.39 फीसदी टूटकर 16655.50 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। यह साल की सबसे बड़ी गिरावट है।

यह भी पढ़ें: Russia Ukraine Live: रूसी सेना ने यूक्रेन में शुरू की जंग, UNSC ने बुलाई इमरजेंसी मीटिंग

बैंकिंग शेयर्स की जबरदस्त पिटाई हुई है। निवेशकों को शुरुआती मिनट में 6 लाख करोड़ रुपए का घाटा हुआ है। सेंसेक्स के सभी 30 शेयर्स गिरावट में हैं। उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 370 अंक नीचे 16,695 पर है। इसके भी सभी 50 शेयर्स गिरावट में कारोबार कर रहे हैं। इससे पहले बुधवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स आज 68 पॉइंट्स गिर कर 57,232 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 29 अंक टूटकर 17,063 पर बंद हुआ। 

इस युद्ध का असर ब्रेंट ऑयल पर भी देखने को मिला है। ब्रेंट ऑयल की कीमतें 8 साल बाद 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई है। दरअसल, रूस दुनिया में तेल का दूसरा बड़ा प्रोड्यूसर है, जो मुख्य रूप से यूरोप की रिफाइनरियों को अपना तेल बेचता है और 35 फीसदी हिस्सेदारी के साथ यूरोप को नेचुरल गैस की आपूर्ति करने वाला सबसे बड़ा सप्लायर देश है।