शेयर मार्केट पर रूस-यूक्रेन विवाद का असर, सेंसेक्स 100 अंक टूटा, निफ्टी 17000 से नीचे

रूस और यूक्रेन के बीच बढ़ते विवाद का असर घरेलू शेयर बाजार पर भी दिखा, मंगलवार को सेंसेक्स 1000 अंक टूटकर 57 हजार के स्तर के नीचे खुला, वहीं एनएसई के निफ्टी सूचकांक ने भी 299 अंकों की भारी गिरावट के साथ 17 हजार के नीचे आकर कारोबार शुरू किया

Updated: Feb 22, 2022, 05:07 AM IST

मुंबई। रूस और यूक्रेन के बीच बढ़ते विवाद का असर घरेलू बाजारों पर भी पड़ा है। हफ्ते के दूसरे दिन भी भारतीय बाजार लाल निशान के साथ खुले हैं। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 1024 अंक टूटकर 57 हजार से नीचे आ गया और 56,659 के स्तर पर खुला, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के निफ्टी सूचकांक ने 299 अंक फिसलकर 17 हजार के नीचे आ गया। फिलहाल, निफ्टी 16,907 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

बाजार खुलने के साथ ही लगभग 254 शेयरों में तेजी आई, 1932 शेयरों में गिरावट आई और 48 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। इस बीच सेंसेक्स के सभी 30 शेयर लाल निशान पर कारोबार कर रहे हैं। डॉ रेड्डीज लैब्स, एलएंडटी, एशियन पेंट्स, टीसीएस और यूपीएल निफ्टी पर सबसे ज्यादा गिरावट वाले शेयरों में से थे, जबकि केवल ओएनजीसी लाभ में रहा। 

यह भी पढ़ें: रूस ने यूक्रेन के 2 विद्रोही क्षेत्रों को दी अलग देश के तौर पर मान्यता, पुतिन के ऐलान से युद्ध की आशंका

इससे पहले सोमवार को सेंसेक्स जहां 149 अंक फिसलकर 57,683 के स्तर पर बंद हुआ था, वहीं निफ्टी भी 70 अंक की गिरावट के साथ 17,206 के स्तर पर बंद हुआ था। भारत ही नहीं बल्कि रूस-यूक्रेन में गहराते विवाद का असर दुनियाभर के सभी शेयर बाजारों पर दिख रहा है। एशिया से लेकर यूरोप के बाजारों भारी गिरावट दर्ज की गई है। जहां एक ओर भारतीय शेयर बाजार मंगलवार को खुलने के साथ ही धड़ाम हो गया, वहीं यूरोपीय बाजारों पर नजर भी बुरी तरह क्रैश हो गए हैं।

शेयर बाजारों में गिरावट के साथ ही कच्चे तेल की कीमतों में उछाल दर्ज की गई है। मंगलवार को ब्रेंट क्रूड का भाव 8 साल के हाई पर पहुंच गया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड का कीमत 96 डॉलर प्रति बैरल को पार कर गई है। दरअसल, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पूर्वी यूक्रेन में रूस समर्थित अलगाववादी क्षेत्रों डोनेत्स्क और लुहांस्क को स्वतंत्र देश की मान्यता दे दी है, इसके बाद दोनों देशों के बीच जंग की स्थिति उत्पन्न हो गई है।