शेयर बाजार में गिरावट जारी, मार्केट खुलते ही 1000 पॉइंट लुढ़का सेंसेक्स, 4 मिनट में 4 लाख करोड़ का नुकसान

गुरुवार को मार्केट ओपनिंग के बाद 1,000 अंक गिरा सेंसेक्स, निफ्टी 17,000 के नीचे, एशियाई बाजारों में 14 महीनों की सबसे बड़ी गिरावट, 4 मिनट में निवेशकों को हुआ 4 लाख करोड़ का घाटा

Updated: Jan 27, 2022, 05:53 AM IST

Photo Courtesy: Zeebiz
Photo Courtesy: Zeebiz

मुंबई। 26 जनवरी के अवकाश के बाद खुला शेयर बाजार गुरुवार को फिर निचले स्तर पर कारोबार कर रहा है। शेयर मार्केट ओपनिंग के साथ ही आज फिर भारी गिरावट दर्ज की गई है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 1139 पॉइंट्स टूटकर 56,718 पर पहुंच गया है। इस गिरावट के कारण निवेशकों को शुरुआती 4 मिनट में ही 4 लाख करोड़ रुपए का नुकसान उठाना पड़ा। उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी भी 180 अंक गिरकर 16,998 पर कारोबार कर रहा है।

US फेडरल रिजर्व बैंक की ओर से इंटरेस्ट रेट बढ़ाने के संकेत देने के बाद से एशियाई बाजार पिछले 14 महीनों की सबसे बड़ी गिरावट देखी गई है। निफ्टी पर टेक महिंद्रा, नेस्ले, विप्रो में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज हुई। सिर्फ ONGC के शेयर हरे निशान में थे. बीएसई सेंसेक्स पर भी यही हाल था। 30 शेयरों पर आधारित इंडेक्स पर NTPC को छोड़कर बाकी सभी 29 शेयर नुकसान में चल रहे थे। सबसे ज्यादा गिरावट विप्रो, टेक महिंद्रा और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में देखी गई।

यह भी पढ़ें: अमीर बढ़ा रहे हैं असमानता, अपने हिस्से का टैक्स चुकाने के लिए दुनिया के करोड़पतियों ने लिखी चिट्ठी

माना जा रहा था कि आज बाजार में पॉजिटिव रेस्पॉन्स देखने को मिलेगा लेकिन फिर भी शेयर मार्केट गोते लगा रहा है। दरअसल, यूक्रेन और रूस के बीच समझौते की उम्मीद और दूसरा अमेरिका के सेंट्रल बैंक ने फिलहाल ब्याज दरों को बढ़ाने का फैसला फरवरी तक टाल दिया है। अब मार्च में होने वाली बैठक में इसे बढ़ाया जा सकता है। ऐसे में शेयर बाजार पर आज पूरा दिन भारी दबाव देखने को मिल सकता है।

सेंसेक्स का आज मार्केट कैप 258.12 लाख करोड़ रुपए है, जो कि मंगलवार को 262.77 लाख करोड़ रुपए था। जबकि सेंसेक्स 541 अंक नीचे 57,317 पर खुला था। BSE के गिरने वाले प्रमुख शेयर में टाइटन 3 फीसदी टूटा है, जबकि HDFC बैंक, टेक महिंद्रा, डॉ. रेड्‌डी, HCL टेक, विप्रो और इंफोसिस के शेयर 2 फीसदी से ज्यादा गिरे हैं। बजाज फिनसर्व, HDFC, टाटा स्टील, TCS, नेस्ले और बजाज फाइनेंस भी 2 फीसदी टूटे हैं। टेक महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट, रिलायंस इंडस्ट्रीज, सनफार्मा, ICICI बैंक और एशियन पेंट्स में 1 फीसदी से ज्यादा की गिरावट है।