छत्तीसगढ़ के किसानों को बड़ी राहत, मोटा अनाज उत्पादकों से 15 फरवरी तक होगी समर्थन मूल्य पर खरीदी

छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर कोदो-कुटकी और रागी की खरीदी की तारीख 31 जनवरी से बढ़ाकर 15 फरवरी कर दी गई है, प्रदेश में अब तक 7 हजार 799 क्विंटल कोदो, कुटकी और रागी की खरीदी हो चुकी है, बेमौसम बारिश की वजह किसानों के हित में लिया फैसला

Updated: Jan 29, 2022, 07:56 AM IST

Photo Courtesy: patrika
Photo Courtesy: patrika

रायपुर। छत्तीसगढ़ में किसानों की आय बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास सरकार कर रही है। इसी कड़ी में किसानों से कोदो, कुटकी और रागी की फसल खरीदी की जाएगी। समर्थन मूल्य पर सरकारी इसकी खरीदी 15 फरवरी तक करेगी। इससे पहले इनकी खरीदी 31 जनवरी की जानी थी। खरीदी का समय बढ़ाने का फैसला प्रदेश में बेमौसम बरसात की वजह से फसलों की मिंजाई में हुई देरी की वजह से लिया गया है। देरी की वजह से किसान 31 जनवरी तक अपनी फसलें बेचने में असमर्थ हैं। किसानों के हित में सरकार ने खरीदी की समय 15 दिनों के लिए बढ़ा दिया है। सरकार इन अनाजों का वैल्यू एडिशन कर राज्य की पोषण और सार्वजनिक वितरण प्रणाली जैसी योजनाओं में शामिल करने की तैयारी में है।

छत्तीसगढ़ के किसान यहां के पारंपरिक फसल कोदो, कुटकी और रागी जैसे मोटे अनाजों का उत्पादन बड़ी मात्रा में करते हैं। सुपर फूड कहे जाने वाले इन अनाजों की मार्केट में काफी डिमांड है। यही वजह है कि छत्तीसगढ़ सरकार इन फसलों को समर्थन मूल्य पर खरीद रही हैं। प्रदेश में सरकार 3 हजार रुपए प्रति क्विंटल की दर से कोदो-कुटकी और 3377 रुपए प्रति क्विंटल की दर से रागी खरीदी रही है।

राज्य लघु वनोपज संघ से मिली जानकारी के अनुसार तक लगभग ढाई करोड़ रुपए की खरीदी हो चुकी है। अब तक 7 हजार 799 क्विंटल कोदो, कुटकी और रागी की खरीदी की जा चुकी है। करीब 5 हजार 990 क्विंटल कोदो, एक हजार 112 क्विंटल कुटकी के साथ 697 क्विंटल रागी समर्थन मूल्य पर खरीदी जा चुकी है।