Temperature today : दो दिन और तपाएगी लू

heat wave : दुनिया के 10 सबसे गर्म शहर भारत में, अगले 24 घंटे तक उत्तर और मध्य भारत में कायम रहेगी लू

Publish: May 29, 2020, 02:22 AM IST

Photo courtesy : whatshot.in
Photo courtesy : whatshot.in

दुनिया के 15 सबसे गर्म शहरों में 10 सिर्फ भारत से हैं। यह आंकड़ा जारी किया है मौसम पर  नजर रखने वाली वेबसाइट एल डोरडो ने। भारत के अलावा लिस्ट में पाकिस्तान के भी कई शहर शामिल हैं। भारत में राजस्थान का शहर चुरू सबसे गर्म रहा। मंगलवार को यहां पारा 50 डिग्री तक छू गया। चुरू को थार रेगिस्तान का प्रवेश द्वार भी कहा जाता है। पाकिस्तान के जैकबाबाद और चुरू का तापमान धरती पर सबसे गर्म स्थान के रूप में दर्ज किया गया है। भारतीय मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में कहर बरपा रही लू अगले 24 घंटे तक लगातार चल सकती है।

गर्म शहरों की सूची में राजस्थान के तीन अन्य शहर बीकानेर, गंगानगर और पिलानी तीसरे स्थान पर रहे। इसके अलावा दो शहर उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र से हैं। यूपी के बांदा और हरियाणा के हिसार में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सबसे गर्म शहरों की सूची में दिल्ली 47.6 डिग्री सेल्सियस, बीकानेर 47.4 डिग्री सेल्सियस, गंगानगर 47 डिग्री सेल्सियस, झांसी 47 डिग्री सेल्सियस, पिलानी 46.9 डिग्री सेल्सियस, नागपुर का सोनगांव 46.8 डिग्री सेल्सियस और 46.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ अकोला ने इस सूची में अपनी जगह बनाई।चुरू में मई महीने में पिछले 10 सालों का दूसरा सबसे उच्चतम तापमान दर्ज किया गया। इससे  पहले 2016 में मई के महीने में ही चुरू का तापमान 50.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। चुरू में 22 मई से ही गर्मी का प्रकोप जारी है। 22 मई को यहां का तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जिसके बाद से यह लगातार बढ़ रहा है।

भोपाल मौसम केंद्र के अनुसार अगले दो दिन इसी तरह का मौसम बना रहने का अनुमान है मौसम विभाग ने ग्वालियर चंबल संभाग के सभी जिलों समेत छतरपुर जिले में तेज लू का रेड अलर्ट और रीवा, भोपाल संभाग, टीकमढ़, पन्ना, सागर, दमोह, उमरिया, जबलपुर, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, शाजापुर खंडवा, खरगौन, गुना, दतिया, शिवपुरी अशोकनगर में लू का यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि लू से बचने के लिए अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। सूर्य के सीधे संपर्क में आने से बचें। अगले दो दिन इसी तरह का मौसम बना रहने का अनुमान है।