Vijay Mallya News : भगोड़ा कारोबारी माल्या भारत नहीं आएगा

विजय माल्या को भारत लाने की मंजूरी मिलने के 28 दिन के अंदर भारत लाया जाना है। बीस दिन गुज़र चुके हैं।

Publish: Jun 05, 2020, 08:16 AM IST

बुधवार देर शाम से ही यह अटकलें लगाई जा रही थी कि लंदन में छिपे भगोड़े कारोबारी को बुधवार देर रात या सुबह सुबह तक भारत लाया जा सकता है। लेकिन टाइम्स ऑफ इंडिया से यह जानकारी मिली है कि माल्या भारत नहीं आ रहा है। दरअसल चारों ओर इस बात को लेकर चर्चा काफी गर्म थी कि पूर्व शराब कारोबारी विजय माल्या को लंदन से प्रत्यर्पित कर भारत लाया जा सकता है।

ऐसी सूचना थी कि ईडी और सीबीआई के अधिकारी बुधवार देर रात तक किसी भी समय विजय माल्या को लंदन से प्रत्यर्पित कर भारत ला सकते हैं। जिसके बाद उसे ऑर्थर जेल में रखे जाने और गुरुवार दिन में अदालत में पेश की जाने की संभावना थी। लेकिन अंतोगत्वा माल्या को भारत लाए जाने की यह सूचना अफवाह साबित हुई। टाइम्स ऑफ इंडिया ने जब पूर्व शराब कारोबारी विजय माल्या के सहयोगी से बात की तो उसने उल्टा मीडिया पर तंज कसते हुए कहा कि ' सिर्फ मीडिया को पता है माल्या क्या कर रहे हैं?'

हाई कमीशन ने कहा, अभी और वक़्त लगेगा

उधर अंग्रेज़ी अख़बार टाइम्स ऑफ इंडिया ने लंदन स्थित भारतीय हाई कमीशन के एक अधिकारी से बात होने का भी दावा किया है। टाइम्स ऑफ इंडिया ने जब लंदन स्थित हाई कमीशन के अधिकारी से बात की तो उन्होंने भी माल्या के भारत प्रत्यर्पण किए जाने वाली ख़बर को अफ़वाह बताया। अधिकारी ने कहा कि माल्या को भारत लाने में अभी और वक्त लगेगा।

माल्या पर बैंकों का 9 हजार करोड़ बकाया

गौरतलब है कि किंगफिशर एयरलाइंस के मालिक विजय माल्या पर कुल 17 बैंकों का 9 हज़ार करोड़ बकाया है। ज्ञात हो कि माल्या मार्च 2016 में बैंकों का पैसा गबन कर इंग्लैंड भाग गया था। माल्या जब भारत छोड़ कर भागा तो तत्कालीन वित्त मंत्री अरुण जेटली पर माल्या के भागे जाने से पहले उससे मिलने का आरोप लगाया गया था। हाल ही में 14 मई को लंदन की एक अदालत ने भारत को माल्या का प्रत्यर्पण कर भारत ले जाने की मंजूरी दे दी है। माल्या को भारत लाने की मंजूरी मिलने के 28 दिन के अंदर भारत लाया जाना है। बीस दिन गुज़र चुके हैं।28 दिन पूरे होने में अब केवल 8 दिन ही शेष बचे हुए हैं। ऐसे में माल्या को प्रत्यर्पित कर किसी भी दिन भारत लाया जा सकता है।