यूरोप के सबसे बड़े परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर रूसी हमले के बाद बोले जेलेंस्की, अब तो जागो यूरोप 

यूक्रेन के जेपोरीजिया स्थित परमणु ऊर्जा संयंत्र से उठ रहा धुंआ, चेर्नोबिल से 10 गुना बड़े धमाके का खतरा बढ़ा 

Updated: Mar 04, 2022, 05:27 AM IST

courtesy: world news
courtesy: world news

नई दिल्ली। रूस- यूक्रेन युद्ध के 9वें दिन रुसी सेना के हमले से यूरोप के सबसे बड़े परमाणु ऊर्जा संयंत्र में भीषण आग लग गई। शुक्रवार तड़के रूस की सेना ने जेपोरीजिया प्रान्त के एनरहोदर शहर पर बड़ा हमला कर दिया। यूक्रेनी अधिकारी ने दावा किया है कि इस हमले के बाद जेपोरीजिया स्थित यूरोप के सबसे बड़े परमाणु ऊर्जा संयंत्र में आग लग गई है और केंद्र से धुंए के गुबार उठते हुए दिखाई दे रहे हैं।

परमाणु संयंत्र पर हुए हमले की जानकारी देते हुए यूक्रेन के विदेश मंत्री दमित्रो कुलेबा ने रूस से तत्काल ही हमले को रोकने के लिए कहा। विदेश मंत्री कुलेबा ने परमाणु संयंत्र पर हुए हमले को लेकर आशंका व्यक्त करते हुए कहा कि अगर ये परमाणु केंद्र उड़ा तो चेर्नोबिल से 10 गुना बड़ा धमाका हो सकता है। 

अब तो जागे यूरोप: जेलेंस्की 

परमाणु संयंत्र पर हुए हमले के बाद यूक्रेनी राष्ट्रपति व्लोदीमिर जेलेंस्की ने यूरोपीय देशों से जागने का आह्वान किया। जेलेंस्की ने कहा कि यूरोप के सबसे बड़े परमाणु संयंत्र में आग लगी हुई है, अब तो यूरोप को जाग जाना चाहिए? रूसी टैंक अभी भी परमाणु संयंत्र में गोलीबारी कर रहे हैं। 

राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रूस को एक आतंकवादी राज्य करार देते हुए कहा कि अगर यह परमाणु संयंत्र उड़ा तो यह अपने साथ एक विनाशकारी हादसे को लेकर आएगा। इसका प्रभाव Chernobyl हादसे से भी भयावह होगा। जेलेंस्की ने कहा कि रूस इसे दोहराना चाहता है।

रूस की सेना ने शुक्रवार तड़के जेपोरीजिया से कुछ ही दूरी पर स्थित एनरहोदर शहर पर हमला कर दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रूस इस केंद्र पर मोर्टार और आरपीजी से हमला कर रहा है। रुसी सेना के इस हमले से परमाणु केंद्र के कुछ हिस्सों में आग लग गई है। इसके चलते परमाणु ऊर्जा केंद्र में बड़े धमाके का खतरा बढ़ गया है। 

इससे पहले चेर्नोबिल परमाणु ऊर्जा संयंत्र पर रूस की सेना ने 24 फरवरी को ही कब्जा कर लिया था। जेपोरीजिया स्थित इस परमाणु केंद्र में 15 रिएक़्टर हैं।  यह केंद्र यूरोप में सबसे बड़ा और विश्व में नौवां सबसे बड़ा रिएक़्टर है। यूक्रेन का एक चौथाई बिजली उत्पादन इसी केंद्र से होता है। खेरसोन पर रुसी सेना के कब्जे के बाद  यूक्रेन के दक्षिण में स्थित प्रमुख ऊर्जा केंद्र एनरहोदर शहर पर कब्जे की लड़ाई अब तेज हो गई है।