न्यूयॉर्क में हेट क्राइम: दो सिखों पर हमला, पगड़ी उतारी और डंडों से पीटा, 10 दिनों में दूसरी ऐसी घटना

अमेरिका के न्यूयॉर्क के रिचमंड हिल्स इलाके में मंगलवार को दो सिख लोगों पर हमला किया गया है, ये हमला उस समय किया गया जब ये दोनों सैर कर रहे थे, दो संदिग्धों ने इन्हें डंडे से मारा और फिर इनकी पगड़ी उतार दी

Updated: Apr 13, 2022, 07:34 AM IST

न्यूयॉर्क। अमेरिका के न्यूयार्क में दो सिखों पर हमला हुआ है। ये घटना रिचमंड हिल्स की बताई जा रही है। न्यूयार्क में भारतीय कांसुलेट जनरल ने इसकी जानकारी दी है। कांसुलेट ने इस घटना की निंदा भी की है। कांसुलेट ने बताया कि इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़ितों की हर संभव मदद की जा रही है। 

जानकारी के मुताबिक यह घटना तब हुई जब दो सिख युवक टहलने निकले थे। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि कुछ लोगों ने सड़क पर चलते सिख युवकों को पहले डंडे से पीटा और फिर उनकी पगड़ी उतार दी। घटना के बाद पुलिस के जवान जब तक मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी भाग निकले। मौके पर सिख संगठन से जुड़े लोकल लीडर भी पहुंचे और उन्होंने पुलिस के खिलाफ नारे लगाए।

यह भी पढ़ें: खुद पर मुक़दमा दायर होने के बाद बोले दिग्विजय सिंह, मैं नफ़रती विचारधारा के खिलाफ लड़ता रहूंगा

न्यूयॉर्क के अटॉर्नी जनरल लेटिटिया जेम्स ने ट्वीट कर इस घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर रही है। अगर आम लोगों के पास कोई भी जानकारी हो, तो उसे पुलिस से शेयर करें। दोषियों को बिल्कुल बख्शा नहीं जाएगा। न्यूयॉर्क असेंबली में पहली सिख महिला मेंबर जेनिफर राजकुमार ने ट्वीट कर कहा कि यह अलार्मिंग सिचुएशन है। अमेरिका में सिख कम्युनिटी के खिलाफ हेट क्राइम के केस बढ़ रहे हैं। मैं स्पष्ट शब्दों में कहती हूं कि न्यूयार्क में सिख अमेरिकी समुदाय के खिलाफ हेट क्राइम के लिए जीरो टोलरेंस है।

बता दें कि रिचमंड हिल इलाके में ही 10 दिन पहले इस तरह की घटना हुई थी। इसी महीने की शुरुआत में एक सिख बुजुर्ग के साथ मारपीट की गई थी। तमाम संगठनों ने इस घटना की भी निंदा की थी। बावजूद दूसरी घटना हुई।ऐसे में पुलिस की सतर्कता को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।