रूसी ऑयल डिपो पर संदिग्ध रॉकेट हमला, रूसी सेना का यूक्रेन पर आरोप, कीव ने किया इनकार

रूस ने यूक्रेन पर आरोप लगाया है कि उसने उसके देश में घुसकर 25 मील भीतर ऑयल डिपो पर रॉकेट हमला किया है, हालांकि पश्चिमी देशों का कहना है कि दिखावे के लिए रूस ने खुद ऐसा किया है

Updated: Apr 03, 2022, 04:51 AM IST

यूक्रेन और रूस के बीच का यह युद्ध अब गंभीर रूप ले रहा है। रूस ने यूक्रेन पर आरोप लगया है कि उसने उसके देश में घुसकर हमला किया है। रूस का आरोप है कि यूक्रेन ने उसकी सीमा के 25 मील अंदर तक आकर तेल डिपो पर अटैक किया है। रूस का यह दावा ऐसे समय में आया है, जब एक्सपर्ट्स ने कुछ दिन पहले ही कहा था कि वह खुद अपने इलाकों पर कुछ अटैक दिखावे के लिए करा सकता है और यूक्रेन पर आरोप मढ़ सकता है। 

यूक्रेन ने भी इस तरह के किसी भी हमले से स्पष्ट इनकार किया है। यूक्रेन ने रूसी दावों का खंडन करते हुए कहा है हमारी ओर से रूस के किसी भी ऑयल डिपो पर अटैक नहीं हुआ है। उधर रूसी अधिकारी याकेस्लाव ग्लाडकोव ने कहा कि यूक्रेन के दो सैन्य हेलिकॉप्टरों के जरिए यह अटैक किया गया है। रूस का दावा है कि उसके बेलगोरोद शहर में दो यूक्रेनी हेलिकॉप्टर घुस आए और उन्होंने S-8 रॉकेट्स के जरिए अटैक किया। 

यह भी पढ़ें: कनाडा सरकार का ऐतिहासिक कदम, अप्रैल को घोषित किया दलित इतिहास माह

रूस का दावा यदि सही है तो दूसरे विश्व युद्ध के बाद यह पहला मौका है, जब रूस में किसी देश ने एयरस्ट्राइक की है। रूस के जिस तेल डिपो पर अटैक किया गया है, उसका संचालन रूस की सरकारी कंपनी रोजनेफ्ट करती है। इस अटैक में कंपनी के दो वर्कर घायल हुए हैं। इसके अलावा आसपास के काफी लोगों को वहां से निकाला गया है ताकि जानमाल के नुकसान को कम किया जा सके। इस हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर भी शेयर किया गया है। 

यूक्रेन की प्रतिक्रिया से पहले ही पश्चिमी देशों ने रूस के दावों पर सवाल उठाना शुरू कर दिया था। दरअसल देश से निर्वासन झेल रहे रूसी राजनेता ने हाल ही में दावा किया था कि पुतिन सरकार खुद ही रूस के कुछ शहरों में हमले करा सकती है। इसके जरिए वह यह संदेश देने का प्रयास करेगी कि यूक्रेन ने आक्रामकता दिखाते हुए उसके इलाके में हमला किया है और ऐसे में उसका यूक्रेन पर अटैक करना गलत नहीं है। इलिया पोनोमारेव ने दावा किया था कि रूस अपनी ही केमिकल और वेपन फैक्ट्रियों में अटैक कर सकता है। इसमें नागरिकों की भी मौत हो सकती है।