Russia Ukraine War Live: खारकिव पर यूक्रेन ने पाया अपना नियंत्रण

रूस और यूक्रेन के बीच पिछले तीन दिनों से भयावह युद्ध जारी है, हर बीतते पल के साथ यूक्रेन की संप्रभुता पर खतरा बढ़ रहा है

Updated: Feb 27, 2022 01:01 PM IST

नई दिल्ली। यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध जारी है। रूसी आक्रमणकारियों ने यूक्रेन में तांडव मचाया हुआ है। यूक्रेन में रह रहे तमाम नागरिक भय के माहौल में जी रहे हैं। यूक्रेन में भारत के हजारों छात्र फंसे हुए हैं। भारतीय दूतावास उन्हें सुरक्षित यूक्रेन से निकलने के प्रयास में जुटा हुआ है।

 

<

Live Updates

खारकिव पर यूक्रेन ने पाया नियंत्रण

यूक्रेन ने दावा किया है कि उसने खारकिव शहर पर अपना नियंत्रण वापस पा लिया है। रूसी आक्रमणकारियों ने खारकिव के कई हिस्सों को अपने कब्जे में कर लिया था। लेकिन अब यूक्रेन ने दावा किया है कि खारकीव का नियंत्रण अब पूरी तरह से उनके पास है।

कर्फ्यू खुलने तक बाहर न निकलें छात्र: भारतीय दूतावास

भारतीय दूतावास न यूक्रेन में फंसे छात्रों को रेलवे स्टेशन का रुख न करने के निर्दश दिए हैं। दूतावास ने एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि खारकिव, समी और kyiv में रूसी और सेना का युद्ध जारी है। ऐसे में इस वक्त छात्रों का बाहर निकलना सुरक्षा के लिहाज से सही नहीं है। दूतावास ने कहा है कि कर्फ्यू खुलने तक छात्र रेलवे स्टेशन का रुख न करें। 

रूस के 4300 से अधिक सैनिक मारे गए: यूक्रेन

यूक्रेन के उप रक्षा मंत्री हन्ना मल्यार ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि अब तक चले युद्ध में रूस के 4300 से अधिक सैनिकों को यूक्रेन ने मार गिराया है।

भारतीय छात्रों को बिना वीजा एंट्री दे रहा है पोलैंड

भारत में पोलैंड के राजदूत Adam Burakowski ने कहा है कि पोलैंड भारतीय छात्रों को बिना वीजा एंट्री दे रहा है। 

बेलारूस में बातचीत नहीं करना चाहता यूक्रेन

बेलारूस में बातचीत नहीं करना चाहता यूक्रेन

यूक्रेन ने बेलारूस में बातचीत के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है। रूस के क्रेमलिन द्वारा यूक्रेन को बेलारूस में शांति वार्ता का प्रस्ताव दिया गया था, जिसे यूक्रेनी राष्ट्रपति ने ठुकरा दिया है। हालांकि यूक्रेन खुद भी शांति वार्ता करना चाहता है, लेकिन इसके लिए यूक्रेन ने वार्सा, इस्तांबुल, ब्राटिस्लावा, बुडापेस्ट या बाकू में से किसी एक जगह पर शांति वार्ता करने का ऑफर दिया है। हालांकि रूस का एक प्रतिनिधिमंडल बेलारूस में शांति वार्ता करने के लिए पहुंच गया है।

खारकीव में आमने सामने यूक्रेन और रूसी सेना, गोलीबारी तेज़

यूक्रेन के खारकीव शहर में यूक्रेनी और रूसी सेना आर पार की लड़ाई लड़ रही है। दोनों देशों की सेनाओं के बीच जमकर गोलीबारी हो रही है।

रोमानिया से भारत के लिए चौथी फ्लाइट ने भरी उड़ान

रोमानिया की राजधानी बखारेस्ट से भारत के लिए चौथी उड़ान छात्रों को लेकर आ रही है। इस विमान में 198 भारतीय छात्र सवार हैं। केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि भारत सरकार यूक्रेन में फंसे सभी छात्रों को सुरक्षित वापस लाने हेतु प्रतिबद्ध है। 

यूक्रेन के साथ बातचीत के लिए तैयार हुआ रूस

रूसी समाचार एजेंसियों के मुताबिक रूस बेलारूस में यूक्रेन के साथ बातचीत के लिए तैयार हो गया है। यह दावा क्रेमलिन के हवाले से किया जा रहा है।

रूस ने खारकीव पर जमाया कब्ज़ा

रूस ने खारकीव पर जमाया कब्ज़ा

रूसी आक्रमणकारियों ने यूक्रेन के खारकीव शहर पर अपना कब्ज़ा जमा लिया है। रूसी सेना ने खारकीव के सैन्य ठिकानों और एयरपोर्ट को हथिया लिया है। अब रूसी सेना राजधानी कीव पर कब्जे की तैयारी कर रही है। संभावना है कि कीव को अपने कब्जे में लेने के बाद रूस युद्धविराम की घोषणा कर दे।

हम लड़ाई छोड़कर नहीं भागेंगे: यूक्रेनी राष्ट्रपति

यूक्रेनी राष्ट्रपति व्लोदीमीर जेलेंस्की ने कहा है कि यूक्रेन रूस के सामने किसी भी कीमत पर अपने हथियार नहीं डालेगा। जेलेंस्की ने अपने देश के नागरिकों के नाम संदेश जारी किया है। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा है कि इस तरह का भ्रम फैलाया जा रहा है कि मैंने यूक्रेनी सेना से हथियार डालने का आह्वान किया है, जो कि पूरी तरह से झूठ है। यूक्रेन रूस के खिलाफ लड़ाई में डटकर खड़ा है।

यूक्रेन में अब तक 240 आम नागरिकों की मौत की पुष्टि: संयुक्त राष्ट्र

संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक रूसी आक्रमणकारियों के हमले में अब तक यूक्रेन में 240 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। हालांकि मृतकों की वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक होने की संभावना है। शनिवार को यूक्रेन की राजधानी कीव में एक साथ 198 आम नागरिकों के मारे जाने की खबर आई। इसके बाद ग्रीस के दस नागरिकों के भी मारे जाने की खबर आई।

रूसी हमले में 6 यूक्रेनी नागरिकों की मौत

रूसी आक्रमणकारियों ने यूक्रेन में रहने वाले नागरिकों पर हमले करने शुरू कर दिए हैं। ग्रीस के दस नागरिकों के मारे जाने के बाद अब रूसी आक्रमण में यूक्रेन की एक सात वर्षीय बच्ची समेत कुल 6 लोगों की मौत हो गई है।

रूसी सैनिकों ने की अपने माता पिता से बात

एक तरफ रूस और यूक्रेन के बीच जारी भयावह युद्ध में मानवता को तार तार कर देने वाली तस्वीरें सामने आ रही हैं। तो वहीं दूसरी तरफ इसी युद्ध में यूक्रेन मानवता की सीख दे रहा है। यूक्रेन ने अपने कब्जे में लिए 200 आक्रमणकारियों की उनके अभिभावकों से बातचीत कराई है। इन आक्रमणकारियों में कुछ 19 वर्ष के हैं। यूक्रेन के मेजर जनरल ने बताया है कि कैद में लिए गए सैनिकों से बात कराई जाने के बाद उनके माता पिता काफी खुश थे।

कीव में सोमवार तक कर्फ्यू, नियम तोड़ने वालों को सख्त चेतावनी

कीव में सोमवार तक कर्फ्यू, नियम तोड़ने वालों को सख्त चेतावनी

यूक्रेन की राजधानी कीव में मचे तांडव के बीच वहां पर रात और दिन दोनों ही समय कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। फिलहाल इस कर्फ्यू को सोमवार तक के लिए लागू किया गया है। कर्फ्यू लागू करने के साथ साथ यूक्रेन के अधिकारियों ने कर्फ्यू तोड़ने की चेष्टा करने वाले लोगों को सख्त चेतावनी भी दी है। अधिकारियों ने कहा है कि कर्फ्यू तोड़ने वालों को रूसी आक्रमणकारियों के समूह का हिस्सा माना जाएगा।

रूसी हमले में कीव का तेल कुआं नष्ट

रूसी हमले में कीव का तेल कुआं नष्ट

रूसी आक्रमणकारियों ने यूक्रेन में तेल के कुएं पर हमला कर दिया है।  क्रुचकी क्षेत्र में हुए हमले में तेल का कुआं नष्ट कर दिया गया है। तेल कुआं उड़ाए जाने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें प्लांट से धुआं का गुब्बार उठता दिखाई दे रहा है।

 

तीसरा विश्वयुद्ध भी है एक विकल्प: बाइडेन

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के बीच बड़ा बयान दिया है। जो बाइडेन ने अपने एक इंटरव्यू में कहा है कि रूस को रोकने के दो ही विकल्प हैं। पहला यह कि रूस से सीधे तौर पर लड़ा जाए और तीसरे विश्व युद्ध की शुरुआत हो। वहीं दूसरा विकल्प कड़े से कड़े प्रतिबंधों को लागू करने का है। ताकि जो कोई भी देश अंतर्राष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन करे, उसे इसकी भारी कीमत चुकानी पड़े।

 

यूक्रेन की सड़कों से हट रहे साइन बोर्ड

यूक्रेन की सड़कों से साइन बोर्ड को हटाए जाने की शुरुआत कर दी गई है। यूक्रेन की सड़क कंपनी तमाम जगहों से साइन हटाने की कवायद में जुट गई है। ऐसा रूसी सैनिकों को भ्रमित करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

खारकीव में गैस पाइपलाइन को किया ध्वस्त

यूक्रेन के खारकीव शहर में रूसी आक्रमणकारियों ने गैस पाइपलाइन को ध्वस्त कर दिया है।

यूक्रेन पर अब हर दिशा से हमला करेगा रूस

रूस के रक्षा मंत्रालय ने अब यूक्रेन पर हर दिशा से हमला करने का एलान किया है। रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि चूंकि यूक्रेन सरेंडर करने के लिए राज़ी नहीं है, इसलिए अब रूस यूक्रेन पर चैतरफा हमला करेगा। 

यूक्रेन के टेनिस प्लेयर सेना में हुए भर्ती

रूसी आक्रमणकारियों से अपने देश को बचाने के लिए सरगई स्टाखोवास्की यूक्रेन की सेना में शामिल हुए हैं। इससे पहले यूक्रेन के दो रेसलर भी युद्ध में यूक्रेन की तरफ से शामिल हो चुके हैं।

यूक्रेन के 1.2 लाख नागरिक हुए विस्थापित

रूसी हमले से खुद को सुरक्षित करने के लिए यूक्रेन के नागरिक देश छोड़ रहे हैं। अब तक यूक्रेन के लाखों नागरिक विस्थापित हो चुके हैं। करीब 1.2 लाख नागरिकों ने पोलैंड में शरण ली है।

रूसी आक्रमण में ग्रीस के दस नागरिकों की मौत, रूसी राजदूत को ग्रीस ने किया तलब

रूसी हमले में ग्रीस के दस नागरिकों के मारे जाने की खबर है। ग्रीस ने इस सिलसिले में रूसी राजदूत को तलब किया है। इससे पहले शनिवार को कीव पर हुए हमले में यूक्रेन के 198 लोगों की मौत हो गई थी। रूस ने यूक्रेन में रह रहे आम नागरिकों पर भी हमला करना शुरू कर दिया है।