Russia Ukraine War Live: शांति वार्ता की पहली बैठक समाप्त, यूक्रेन ने रूस से की सेना वापसी की मांग

रूसी आक्रमणकारियों का यूक्रेन पर हमला जारी है, यूक्रेनी सेना भी रूसी सेना का डटकर मुकाबला कर रही है

Updated: Feb 28, 2022 02:31 PM IST

नई दिल्ली। यूक्रेन पर रूसी हमले का आज पांचवां दिन है। रूसी आक्रमणकारियों के हमले के कारण यूक्रेन भयवाह दौर से गुजर रहा है। लेकिन यूक्रेन के हौसले पस्त नहीं हुए हैं। अपने देश को सुरक्षित रखने के लिए यूक्रेनी नागरिक भी अब जंग के मैदान में कूद चुके हैं।

Live Updates

पश्चिम बंगाल सीएम ने पीएम मोदी से की सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग

पश्चिम बंगाल सीएम ने पीएम मोदी से की सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग

यूक्रेन संकट पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री मोदी को चिट्ठी लिखी है। सीएम ममता बनर्जी ने अपनी चिट्ठी में केंद्र सरकार को बिना शर्त समर्थन देने का आश्वासन किया है। लेकिन इसके ही उन्होंने इस मसले पर एक सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की है। ताकि देश की अंतर्राष्ट्रीय शांति के लिए गैर आक्रामकता के साथ विचार किया जा सके। 

शांति वार्ता की पहली बैठक समाप्त, यूक्रेन ने की रूस से सेना वापसी की मांग

बेलारूस में रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल के बीच पहले दौर की बैठक समाप्त हो गई है। बैठक में यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल ने रूस से अपनी सेना को वापस बुलाने की मांग की। इसके साथ ही यूक्रेन ने रूस से क्रिमिया और डोनबास से वापस करने की भी मांग की है।

रूस ने 36 देशों की उड़ान पर लगाया प्रतिबंध

एक तरफ जहां दुनिया भर के तमाम देश रूस पर प्रतिबंध लगा रहे हैं। तो वहीं दूसरी तरफ रूस भी अपने स्तर से प्रतिबंध लगाने वाले देशों को जवाब दे रहा है। रूस ने ब्रिटेन, जर्मनी सहित दुनिया के कुल 36 देशों की उड़ानों को प्रतिबंधित कर दिया है।

यूक्रेन और रूस के बीच जारी है शांति वार्ता

यूक्रेन और रूस के बीच बेलारूस बॉर्डर पर शांति वार्ता जारी है। पिछले पांच दिनों से दोनों देशों के बीच भयावह युद्ध जारी है।

प्रधानमंत्री मोदी यूक्रेन संकट पर करेंगे बैठक

प्रधानमंत्री मोदी आज फिर यूक्रेन संकट पर उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। यूक्रेन से अब तक 6 विमानों के जरिए 1400 से अधिक भारतीय छात्रों को सुरक्षित वापस लाया जा चुका है। जिनमें से 4 विमान रोमानिया के बुचारेस्ट और हंगरी के बुडापेस्ट से आए हैं। 

छात्रों की वापसी में तेज़ी लाने के लिए मोदी सरकार के चार मंत्री, ज्योतिरादित्य सिंधिया, हरदीप पुरी, किरण रिजिजू और वीके सिंह को यूक्रेन के पड़ोसी देशों में भेजने का फैसला लिया गया है।

रूस के न्यूक्लियर दस्ते ने शुरू किया युद्धाभ्यास

बेलारूस बॉर्डर पर चल रही यूक्रेन और रूस के शांति वार्ता के बीच रूस के न्यूक्लियर दस्ते ने युद्धाभ्यास शुरू कर दिया है। रूसी मीडिया के मुताबिक खुद रूस के रक्षा मंत्री ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को न्यूक्लियर दस्ते द्वारा युद्धाभ्यास शुरू किए जाने की जानकारी दी है।

5 लाख से अधिक लोगों ने छोड़ा यूक्रेन

रूस और यूक्रेन युद्ध के बीच यूक्रेन से लोगों का विस्थापन लगातार जारी है। संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक अब तक पांच लाख से अधिक लोग यूक्रेन छोड़ चुके हैं।

 

यूक्रेन में फंसे छात्रों की मदद नहीं कर रहा दूतावास, राहुल गांधी ने जताई चिंता

यूक्रेन और रूस के बीच चल रहे युद्ध में भारत के हजारों छात्र फंसे हुए हैं। यूक्रेन में फंसी एक छात्रा का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें छात्रा बता रही है कि भारतीय दूतावास मदद करना तो दूर, छात्रों से बात करने तक की जहमत नहीं उठा रहा। 

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने छात्रा का वीडियो अपने ट्विटर हैंडल पर साझा करते हुए कहा है कि यूक्रेन में भारतीय छात्रों के साथ परिस्थितियां लगातार बिगड़ती जा रही हैं। लेकिन इसके बावजूद केंद्र सरकार छात्रों की वापसी सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम नहीं उठा रही है। 

30 फीसदी तक लुढ़की रूसी करेंसी

दुनिया भर के तमाम देशों द्वारा लगाए जा रहे प्रतिबंधों का असर रूस की अर्थव्यवस्था पर हो रहा है। युद्ध के पांचवें दिन तक रूस की करेंसी रुबेल में भारी गिरावट देखी जा रही है। डॉलर के मुकाबले अब तक रूस की करेंसी में तीस फीसदी तक की गिरावट दर्ज हुई है।

रेलवे स्टेशन पर शांति बनाए रखें छात्र: भारतीय दूतावास

रेलवे स्टेशन पर शांति बनाए रखें छात्र: भारतीय दूतावास

कीव में वीकेंड कर्फ्यू हटने के बाद भारतीय दूतावास ने छात्रों के लिए दूसरी बार एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने कहा है कि यूक्रेन के पश्चिमी हिस्से की तरफ जाने वाले छात्र रेलवे स्टेशन पर शांति बनाए रखें। दूतावास ने कहा है कि स्टेशन पर भारी भीड़ जुटने की संभावना है, ट्रेनें लेट भी हो सकती हैं। ऐसे में भरतीय छात्रों से अपील है कि वे अपना धीरज न खोएं और शांति व्यवस्था बनाए रखें, किसी भी तरह का आक्रमक रुख अपनाने से बचें। 

यूक्रेन और रूस के बीच शुरू हुई शांति वार्ता

यूक्रेन और रूस के बीच शांति वार्ता हो गई है। यह वार्ता यूक्रेन बेलारूस बॉर्डर पर हो रही है। इसमें दोनों देश का प्रतिनिधिमंडल मौजूद है। 

यूक्रेनी राष्ट्रपति की मांग, पहले अपने सैनिकों को यूक्रेन से वापस बुलाए रूस

बेलारूस में रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल की वार्ता के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदीमिर जेलेंस्की ने पहले रूस को अपने तेवर नरम करने की बात कही है। जेलेंस्की ने कहा है कि पहले रूस को यूक्रेन से अपने सैनिकों को वापस बुलाना होगा।

यह जीत यूक्रेन के हर नागरिक की होगी: जेलेंस्की

रूस से जारी युद्ध के बीच यूक्रेनी राष्ट्रपति व्लोदीमीर जेलेंस्की ने अपने देश की जनता को संबोधित किया है। जेलेंस्की ने कहा है कि जब मैं राष्ट्रपति बना था तब मैंने यह बात कही थी कि हम सभी इस देश के राष्ट्रपति हैं। क्योंकि हम सभी हमारे यूक्रेन के प्रति जवाबदेह हैं। और अब ऐसी स्थिति आ गई है कि हम सभी वॉरियर हैं। मुझे भरोसा है कि हम सभी मिलकर इस जंग को जीतेंगे।

अनाथालय और एम्बुलेंस पर रूस ने की बमबारी

अनाथालय और एम्बुलेंस पर रूस ने की बमबारी

रूसी आक्रमणकारियों ने यूक्रेन में अनाथालय और एम्बुलेंस पर मिसाइल दाग दिए हैं। मिसाइल दागे जाने की वजह से एंबुलेंस में सभी लोग मारे गए। यह जानकारी भारत में यूक्रेन के दूत इगोर पोलिखा ने दी है।

रूस के 5300 सैनिकों को मार गिराया: यूक्रेन

यूक्रेन ने दावा किया है कि युद्ध के पांच दिनों में उसने अब तक करीब 5300 सैनिकों को मार गिराया है। 29-29 एयरक्राफ्ट और हेलीकॉप्टर भी मार गिराने का दावा यूक्रेन ने किया है। वहीं 816 सैन्य उपकरणों से लैस वाहन और 74 रूसी हथियारों को भी तबाह करने का दावा यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने किया है।

बेलारूस पहुंचा यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल

यूक्रेन का एक प्रतिनिधिमंडल बातचीत करने बेलारूस पहुंच गया है। आधे घंटे में वार्ता शुरू होने की संभावना है। यहीं पर रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल युद्ध को रोकने और एक साझा समाधान निकालने की कोशिश करेंगे।

कीव से निकलें यूक्रेनी नागरिक: रूस

यूक्रेन से जारी युद्ध के बीच राजधानी कीव को रूसी आक्रमणकारियों ने चारों तरफ से घेर लिया है। इस बीच रूस के रक्षा मंत्रालय ने कीव में रह रहे तमाम नागरिकों को शहर छोड़ने के लिए कहा है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने कीव में रह रहे नागरिकों को शहर से बीस किलोमीटर दूर vasilkov की तरफ जाने वाले हाईवे पकड़ने के लिए कहा है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा है उसके टारगेट सिर्फ और सिर्फ सैन्य उपकरण हैं। वह आम नागरिकों को कोई नुकसान पहुंचाना नहीं चाहता है। 

रूस में युद्ध के खिलाफ नागरिकों का विरोध जारी

यूक्रेन पर किए हमले का रूस में भारी विरोध जारी है। रूस के सेंट पीटर्सबर्ग में आज फिर रूसी नागरिक सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शन को दबाने के लिए रूसी पुलिस ने कई नागरिकों को हिरासत में ले लिया।

हंगरी से एक और भारतीय विमान ने भरी उड़ान

हंगरी से एक और भारतीय विमान ने भरी उड़ान

हंगरी के बुडापेस्ट से एक और भारतीय विमान ने उड़ान भर ली है। भारतीय छात्रों का छठवां जत्था वतन वापसी के लिए निकल पड़ा है। इस विमान में कुल 240 भारतीय छात्र सवार हैं।

बेलारूस में बातचीत का मेज़ तैयार

बेलारूस में बातचीत का मेज़ तैयार हो गया है। अबसे थोड़ी ही देर में रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल के बीच बातचीत शुरू होने के आसार हैं।

कीव से कर्फ्यू हटा

यूक्रेन की राजधानी कीव से कर्फ्यू हट गया है। भारतीय दूतावास ने कीव में फंसे छात्रों से रेलवे स्टेशन का रुख करने का आह्वान किया है। दूतावास ने छात्रों को यूक्रेन की पश्चिमी हिस्से में जाने की हिदायत देते हुए कहा है कि यूक्रेन रेल्वे छात्रों के इवैक्वेशन के लिए विशेष ट्रेनों को संचालित कर रहा है।

लगभग चार लाख लोगों ने छोड़ा यूक्रेन

यूक्रेन में मचे तांडव के बीच अब तक लगभग चार लाख लोग यूक्रेन से दूसरे देशों में विस्थापित हो चुके हैं। संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक रूसी आक्रमण से खुद को महफूज करने के लिए तीन लाख 68 हजार से अधिक लोगों ने यूक्रेन छोड़ दिया है। सिर्फ पोलैंड के जरिए करीब डेढ़ लाख लोग यूक्रेन छोड़ चुके हैं।

छात्रों को वापस लाने के लिए यूक्रेन के पड़ोसी देशों में जाएंगे केंद्रीय मंत्री

छात्रों को वापस लाने के लिए यूक्रेन के पड़ोसी देशों में जाएंगे केंद्रीय मंत्री

यूक्रेन में भारी तादाद में भारतीय छात्र फंसे हुए हैं। अब तक 1100 से अधिक छात्रों को ऑपरेशन गंगा के तहत भारत वापस लाया जा चुका है। लेकिन अब भी यूक्रेन में हजारों भारतीय बच्चे फंसे हुए हैं। लिहाजा उन्हें वापस लाने के लिए भारत सरकार के चार केंद्रीय मंत्री यूक्रेन के पड़ोसी देशों में जाएंगे।

रूस ने हवाई क्षेत्र पाबंदी का किया उल्लंघन: कनाडा

यूक्रेन से जारी भारी घमासान के बीच रूस पर बड़ा आरोप लगा है। कनाडा ने आरोप लगाया है कि रूस ने हवाई क्षेत्र पाबंदियों का उल्लंघन किया है। दूसरी तरफ रूस के आक्रमणकारी राजधानी कीव में तांडव मचा रहे हैं। कीव में एयर रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है।

यूक्रेनी राष्ट्रपति की हत्या करने की तैयारी कर रहा है रूस

यूक्रेनी राष्ट्रपति की हत्या करने की तैयारी कर रहा है रूस

रूस, यूक्रेनी राष्ट्रपति व्लोदीमीर जेलेंस्की की हत्या की फिराक में है। यूक्रेनी राष्ट्रपति की हत्या के मंसूबे को अंजाम देने के लिए रूस ने कीव में अपने आक्रमणकारियों को विशेष तौर पर तैनात किया है। रूस के करीब 400 हमलावरों को जेलेंस्की की हत्या की जिम्मेदारी दी गई है। यह दावा ब्रिटिश अखबार द टाइम्स ने किया है।

भारत में कारोबार पर असर: सेंसेक्स 950 और निफ्टी 285 अंक टूटा

भारत में कारोबार पर असर: सेंसेक्स 950 और निफ्टी 285 अंक टूटा

रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे भारी घमासान के कारण भारत में भी कारोबार पर बुरा असर पड़ रहा है। भारत में कारोबारी हफ्ते के पहले दिन शेयर बाजार में गिरावट देखी गई। सेंसेक्स 950 अंक तो निफ्टी में 285 अंक की गिरावट दर्ज की गई।

रूस से लड़ने के लिए यूक्रेन को फाइटर जेट भेजेगा यूरोपीय यूनियन

रूसी आक्रमण में यूक्रेन की मदद करने के लिए यूरोपीय यूनियन अपने फाइटर जेट भेजने की तैयारी कर रहा है। यूरोपीय यूनियन के पॉलिसी चीफ जोसेप बोरेल ने इसकी जानकारी दी है। 

जो बाइडेन करेंगे बैठक

जो बाइडेन करेंगे बैठक

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने आज बैठक करेंगे। वे नाटो, यूरोपीय संघ, पोलैंड, रोमानिया, ब्रिटेन, इंग्लैंड, इटली के नेताओं के साथ यूक्रेन में पनपे मौजूदा हालात और उससे निपटने के लिए चर्चा करेंगे।

रूस का मिसाइल सिस्टम तबाह

यूक्रेन ने रूस के मिसाइल सिस्टम को टारगेट किया है। इससे पहले रूस ने दुनिया के सबसे बड़े एयरक्राफ्ट को तबाह कर दिया था। रूस के खिलाफ जारी इस महायुद्ध में यूक्रेनी राष्ट्रपति ने अपने देश के नागरिकों से कहा है कि आने वाले चौबीस घंटे यूक्रेन के लिए सबसे कठिन हैं।

दुनिया के सबसे बड़े विमान को रूस ने किया नष्ट

यूक्रेन पर किए हमले में रूस ने दुनिया के सबसे बड़े विमान को नष्ट कर दिया है। रूस ने यूक्रेन का myria विमान नष्ट कर दिया है। यूक्रेन के विदेश मंत्री ने साफ कहा है कि रूस ने भले ही सबसे बड़े विमान को नष्ट कर दिया हो, लेकिन वह हमारे स्वतंत्र देश की कल्पना को कभी नष्ट नहीं कर पाएगा। 

रूसी नागरिकों को नहीं मिलेगी यूरोप की नागरिकता

रूस के आक्रमणकारी रुख के खिलाफ प्रतिबंधों का दौरा जारी है। अब यूरोपीय यूनियन ने रूस को बड़ा झटका दिया है। यूरोपीय यूनियन ने यह एलान किया है कि वह अब रूस के नागरिकों को यूरोप की नागरिकता नहीं देगा। 

ऑपरेशन गंगा: अब तक 1156 नागरिकों की हुई वतन वापसी

ऑपरेशन गंगा: अब तक 1156 नागरिकों की हुई वतन वापसी

ऑपरेशन गंगा के तहत भारतीय छात्रों को वतन वापस लाने की कवायद जारी है। अब तक कुल 1156 भारतीय छात्रों की वतन वापसी हो चुकी है। लेकिन अभी भी हजारों की तादाद में छात्र यूक्रेनी सीमाओं और यूक्रेन में फंसे हुए हैं। यूक्रेन में लगभग बीस हजार भारतीय छात्र पढ़ाई करते हैं।

रूसी हमले में अब तक 352 यूक्रेनी नागरिकों की मौत

रूसी हमले में अब तक यूक्रेन के 352 नागरिकों की मौत की पुष्टि हुई है। हालांकि यह संख्या अभी बढ़ने के अनुमान है। हमले में अब तक हजार से ज्यादा नागरिकों के घायल होने की खबर है।