युद्ध के दौर में आत्मीयता के पल, यूक्रेन से आई विचलित करने वाली तस्वीरें

रूस का यूक्रेन पर घातक हथियारों से हमला जारी, जंग में अब तक 137 यूक्रेनियों की जान गई है और 316 लोग घायल हैं, युद्ध के मैदान में जाने से पहले अपनी बेटी को गले लगाकर भावुक हुआ सैनिक

Updated: Feb 25, 2022, 05:54 AM IST

यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध शुरू हुए 24 घंटे से भी ज्यादा समय हो चुके हैं। जंग में अब तक 137 यूक्रेनियों की जान गई है और 316 लोग घायल हैं। इनमें सैनिकों के साथ आम लोग भी शामिल हैं। यूक्रेन से जो तस्वीरें सामने आई है वह विचलित करने वाली हैं। सोशल मीडिया पर इस तरह की कई तस्वीरें और वीडियो सामने आई है जिसमें यूक्रेनी लोगों का डर साफ देखा जा सकता है।

ट्विटर पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, इसमें एक सैनिक युद्ध में जाने से पहले अपने परिजनों को गुड बाय कर रहा है। वीडियो में सैनिक अपने परिजनों को सुरक्षित जगह भेजने के लिए बस पर छोड़ रहा है। इस दौरान उसकी मासूम बेटी भावुक हो जाती है। सैनिक अपनी बेटी को गोद में उठाकर फुट-फूटकर रोने लगता है। युद्ध के परिणाम कितने भयावह हो सकते हैं यह जानते हुए भी पास में खड़ी उसकी पत्नी उसे हिम्मत देती है। इसके बाद सैन्यकर्मी अपनी बेटी को ठंड से बचाने के लिए टोपी पहनाता है और हाथ चूमकर फिर फफक पड़ता है। 

इस तरह की कई तस्वीरें और वीडियो सामने आ रहे हैं। एक अन्य तस्वीर में एक युवा सैन्यकर्मी अपनी नवविवाहित पत्नी से विदा लेकर युद्ध में जा रहा है। यह जोड़ा एक दूसरे को पकड़कर आंखों में देख रहे हैं। एक उम्मीद है कि एक बार फिर पहले की तरह जीवन सामान्य होगा लेकिन उन्हें एक दूसरे को खोने का डर भी है। 

डर के इस माहौल में राजधानी कीव समेत पूरे यूक्रेन से भारी तादाद में लोग वतन छोड़ रहे हैं। इस बीच, रूसी हमले का जवाब दे रही यूक्रेन की सरकार ने 18 से 60 वर्ष के लोगों के वतन छोड़ने पर रोक लगा दी है। यूक्रेन के प्रेसिडेंट वोलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा कि रूसी सैनिक राजधानी कीव में दाखिल हो गए हैं। उनका पहला निशाना मैं हूं और दूसरे नंबर पर मेरा परिवार है।

यह भी पढ़ें: Russia Ukraine War Live: रूस ने दागी मिसाइल, कीव में घुसे रूसी सैनिक

युद्ध के परिणाम कितने भयावह हो सकते हैं यह रूस के नागरिकों को भी समझ रहे हैं। पड़ोसी मुल्क में आई इस तबाही ने रूसी नागरिकों को भी विचलित कर दिया है। रूस की राजधानी मॉस्को में सैकड़ों रूसी नागरिकों ने प्रदर्शन किया। वे राष्ट्रपति पुतिन से युद्ध बंद करने के लिए लगातार गुहार लगा रहे हैं। लेकिन ब्लादिमीर पुतिन का हठ बरकरार है। इतना ही नहीं रूस ने मॉस्को में अपने ही 1700 नागरिकों को गिरफ्तार कर लिया है क्योंकि वे जंग की मुखालिफत कर रहे थे। 

उधर यूक्रेन ने भारत से दखल की मांग की है। भारत में नियुक्त यूक्रेन के राजदूत ने कहा है कि रूस के इस रुख पर भारत को चुप्पी तोड़ना चाहिए। अहिंसा के पथ पर चलने वाले भारत के स्टैंड से हम संतुष्ट नहीं हैं। भारत को रूस से तत्काल बातचीत कर युद्ध समाप्ति की पहल करनी चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार देर रात पुतिन से बात भी की है और बातचीत के जरिए समस्या का हल निकालने को कहा है।