पश्चिमी देशों की पाबंदी से लडख़ड़ाई रूस की अर्थव्यवस्था, करेंसी रुबल में 30 फीसदी की गिरावट

अमेरिका और यूरोपीय संघ ने एक दिन पहले ही कुछ रूसी बैंकों को अंतरराष्ट्रीय बैंक भुगतान प्रणाली स्विफ्ट से बाहर कर दिया है और व्यक्तिगत रूप से रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव पर यात्रा प्रतिबंध लगा दिया है

Updated: Feb 28, 2022, 06:38 AM IST

यूक्रेन पर रूसी हमले और पश्चिमी देशों द्वारा कड़े आर्थिक प्रतिबंध लगाए जाने के बाद रूस की अर्थव्यवस्था पर बुरे असर पड़ने के आसार हैं। रूस की करेंसी रूबल में सोमवार को डॉलर के मुकाबले लगभग 30 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। ब्लूमबर्ग ने अपनी एक रिपोर्ट में पहले ही संकेत दिए थे कि  offshore trading में 27 प्रतिशत की गिरावट के साथ प्रति डॉलर 114.33 रूबल रिकॉर्ड किया जा सकता है।

यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका और यूरोपीय यूनियन ने एक दिन पहले ही कुछ रूसी बैंकों को अंतरराष्ट्रीय बैंक भुगतान प्रणाली स्विफ्ट से बाहर कर दिया है। इसके अलावा व्यक्तिगत रूप से रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव पर यात्रा प्रतिबंध लगा दिया है। पश्चिमी देशों ने रूस के केंद्रीय बैंक के साथ सभी लेनदेन पर भी प्रतिबंध लगा दिया है।

यह भी पढ़ें: बॉर्डर पर फंसे भारतीय छात्रों के साथ क्रूरता, पोलैंड पुलिस कर रही थर्ड डिग्री टॉर्चर, छात्राओं को भी नहीं बख्शा

G7 के देशों- कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, ब्रिटेन और अमेरिका ने चेतावनी दी कि यदि रूस ने यूक्रेन में युद्ध बंद नहीं किया तो वे पहले से घोषित प्रतिबंधों को और आगे बढ़ाते हुए उसमें नए प्रतिबंध जोड़ने के लिए आगे कदम उठाएंगे। इस बीच, सोमवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा की इमरजेंसी बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में रूस के खिलाफ प्रस्ताव पास करने की तैयारी है। अमेरिका और यूरोप के देश रूस के खिलाफ प्रस्ताव पास करने के लिए प्रतिबद्ध दिख रहे हैं।

यूक्रेन पर रूस के हमले को लेकर महासभा और शक्तिशाली 15 सदस्यीय सुरक्षा परिषद सोमवार को अलग-अलग बैठक करेंगे। इससे दो दिन पहले यूक्रेन के खिलाफ रूसी हमले पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के एक प्रस्ताव को रूस ने वीटो के जरिए बाधित कर दिया था। इस प्रस्ताव के लिए हुए मतदान में भी भारत, चीन और संयुक्त अरब अमीरात शामिल नहीं हुए थे।