सिंगापुर की संसद में नेहरू के व्यक्तित्व की तारीफ, PM लूंग के बयान पर भारत ने जताई आपत्ति

संसद में बहस के दौरान देश में लोकतंत्र को कैसे काम करना चाहिए विषय पर बोलते हुए सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली सीन लूंग ने भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का जिक्र किया

Updated: Feb 18, 2022, 04:26 AM IST

नई दिल्ली। सिंगापुर की संसद में भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरु के असाधारण व्यक्तित्व को लेकर बातचीत हुई। स्वयं वहां के प्रधानमंत्री ली सीन लूंग ने सदन में नेहरू का जिक्र किया। नेहरू का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि लोकतंत्र को कैसे काम करना चाहिए। हालांकि, भारत सरकार ने अब लूंग के बयान पर आपत्ति जताई है।

दरअसल, संसद में बहस के दौरान देश में लोकतंत्र को कैसे काम करना चाहिए यह समझाने के लिए सिंगापुर के प्रधानमंत्री ली सीन लूंग ने जवाहरलाल नेहरू का जिक्र किया। पीएम ली संसद में वर्कर्स पार्टी के रईसा खान की झूठी बयानबाजी के बारे में हुई शिकायत पर विशेषाधिकार समिति की रिपोर्ट पर अपना पक्ष रख रहे थे। उन्‍होंने कहा कि, 'देश की आजादी के लिए लड़ने और जीतने वाले नेता अक्सर महान साहस, अपार संस्कृति और उत्कृष्ट क्षमता वाले असाधारण व्यक्ति होते हैं। वे मुश्किलों से पार पाये और जनता तथा राष्ट्रों के नेताओं के रूप में भी उभरे। डेविड बेन-गुरियन, जवाहर लाल नेहरू ऐसे ही नेता हैं।'

यह भी पढ़ें: महात्मा गांधी की हत्या करने वाली विचारधारा के हाथों में है सत्ता, भारत के साथ संबंध मधुर होना मुश्किल: इमरान खान

सिंगापुर पीएम ने आगे कहा कि, 'आज नेहरू का भारत एक ऐसा भारत बन गया है जहां लोकसभा के करीब आधे सांसदों के खिलाफ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। जिनमें रेप और हत्या जैसे गंभीर मामले भी शामिल हैं। हालांकि, ऐसा भी कहा जाता है कि इनमें ज्यादातर मामले राजनीति से प्रेरित हैं।' पीएम लूंग के बयान पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने कड़ा ऐतराज जताया है। विदेश मंत्रालय का कहना है कि पीएम की ओर से की गई टिप्पणी अनावश्यक थी। भारत ने सिंगापुर के उच्चायुक्त को भी तलब किया है। हालांकि, इस मामले को लेकर सिंगापुर की तरफ से कोई बयान नहीं आया है। 

सिंगापुर पीएम के बयान पर कांग्रेस की ओर से प्रतिक्रिया सामने आई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री व दिग्गज कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि, 'सिंगापुर के प्रधानमंत्री ने यह बताने के लिए नेहरू के नाम का उल्लेख किया है कि संसदीय चर्चा के दौरान लोकतंत्र को कैसे काम करना चाहिए, जबकि हमारे प्रधानमंत्री संसद के भीतर और बाहर हमेश नेहरू को नीचा दिखाते हैं।' कांग्रेस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया, 'पंडित नेहरू वैश्विक नेताओं को आज भी प्रेरणा देते हैं। दुख की बात है कि हमारे देश में कुछ लोगों के पास यह समझने का नजरिया नहीं है कि वह किस तरह के अद्भुत नेता थे।'