छोटे से देश ताईवान ने दिखाई बहादुरी, लोकतंत्र की रक्षा के लिए चीन के खिलाफ भी युद्ध को तैयार

ताईवान ने नए साल के मौके पर चीन को चेताया, अगर वह हरकतों से बाज नहीं आया तो जंग होगी, ताईवान के राष्ट्रपति ने कहा है आजादी के लिए काम करना अपराध नहीं है

Updated: Jan 01, 2022, 10:29 AM IST

ताइपे। चीन की विस्तारवादी नीतियों के खिलाफ छोटा सा देश ताईवान आक्रामक हो गया है। ताईवान ने बहादुरी दिखाते हुए चीन की दादागिरी का डटकर मुकाबला करने का ऐलान किया है। ताइवानी राष्ट्रपति ने स्पष्ट कहा है कि चीन अगर अपनी हरकतों से बाज नहीं आएगा तो जंग होगी।

नए साल के मौके पर ताइवान की राष्ट्रपति साई इंग-वेन ने शनिवार को जनता के नाम संबोधन में चीन को लेकर अपना रुख स्पष्ट किया। राष्ट्रपति साई ने कहा कि, 'लोकतंत्र और आजादी के लिए काम-काज करना कोई अपराध नहीं। मुश्किल से हासिल की गई अपनी आजादी और प्रजातंत्र को लेकर हम काफी गंभीर हैं और इसे एन्जॉय भी करते हैं। चीन की ओर से सैन्य और रणनीतिक दबाव की वजह से ताइवान को अपनी आजादी और प्रजातंत्र को लेकर काफी दबाव का सामना करना पड़ा है।

यह भी पढ़ें: भक्तों ने दिल खोलकर किया तिरुपति बालाजी मंदिर में दान, साल भर में हुंडी में 833 करोड़ का रुपए जमा

राष्ट्रपति ने चीन का नाम लेकर कहा कि हम ताइवान को पहले से भी बेहतर बनाएंगे। हम दुनिया को यह दिखा देंगे कि प्रजातांत्रिक ताइवान में हौसला है कि वो सत्तावादी चीन के छाया से बाहर निकल कर और भी बेहतर बन सकता है। अब हम दबाव झेल सकते हैं। देश की आजादी, प्रजातंत्र को बचाए रखने के लिए दुनिया से जुड़ना जरूरी है। दुनिया से जुड़े रहने पर हमारा आर्थिक विकास जारी रहता है, हमारा सोशल सिक्यूरिटी नेटवर्क भी मजबूत बना रहता है और हमारे देश की आत्मसम्मान की भी रक्षा होती है। यही रणनीति साल 2022 में ताईवान में स्थाई सरकार के लिए जरुरी है।

दरअसल, नए साल के मौके पर चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अपने देश की जनता के नाम संबोधन के दौरान वादा किया है, कि वो ताइवान को 'मुख्य भूमिचीन' में मिलाकर ही रहेंगे। बता दें कि दशकों से ताइवान में अलग शासन है। इसके बावजूद चीन, ताइवान को अपना हिस्सा बताता है। चीन के आक्रामक रुख का जवाब देने के लिए ताइवान अमेरिका समेत कई अन्य लोकतांत्रिक देशों के साथ अपने रिश्तों को मजबूत कर रहा है। चीन ने तो ताइवान को यहां तक धमकी दी है कि उसकी आजादी का मतलब युद्ध है।