रीवा में पेड़ से बंधे मिले गोवंश, मुक्त कराने गांव पहुंचे अधिकारियों से हुई ग्रामीणों की नोकझोंक

रीवा के शिवपुरवा गांव में दस गोवंश को पेड़ में बांध दिया गया था, पेड़ से बांधे जाने के कारण गायों का चलना फिरना भी दूभर हो गया, वे ठीक से उठ खड़ी भी नहीं हो पा रही थीं, स्थानीय प्रशासन ने गोवंश को मुक्त करा कर उन्हें गौशाला में पहुंचाया

Publish: Mar 14, 2022, 07:17 AM IST

Photo Courtesy: Dainik Bhaskar
Photo Courtesy: Dainik Bhaskar

रीवा। रीवा में दस गायों को पेड़ से बांध दिया गया। गोवंश के पेड़ से बंधे होने की सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन गांव में पहुंचा। जिसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच नोकझोंक भी हुई। हालांकि बाद में अधिकारियों ने गोवंश को मुक्त करा लिया और उन्हें गोशाला में भेज दिया गया। 

यह मामला रीवा के शिवपुरवा का गांव का है। आवारा गायों द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाए जाने के बाद उन्हें पेड़ से बांध दिया था। गायों को पेड़ से बांधे जाने की सूचना मिलने पर प्रशासन आनन फानन में गायों को मुक्त कराने के लिए पहुंच गया। नगर निगम की टीम जब शिवपुरवा पहुंची तब अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच नोकझोंक भी हुई। 

प्रशासनिक अमला जब मौके पर पहुंचा तब मवेशी भूख प्यास के मारे तड़प रहे थे। गोवंश ठीक से खड़े तक नहीं हो पा रहे थे। इसी बीच ग्रामीण भी एकत्रित होकर पहुंच गए और प्रशासनिक अमले से उनकी बहस हो गई। 

ग्रामीणों ने बताया कि आवारा मवेशी उनकी फसलों को चौपट कर रहे हैं। उन्होंने गौशालाओं से भी संपर्क किया, लेकिन गौशालाओं ने गायों को रखने से मना कर दिया। जिसके बाद मजबूरन उन्हें गायों को पेड़ से बांधना पड़ा। 

ग्रामीणों की बातों को सुनने के बाद प्रशासन गायों को मुक्त कराया और उन्हें गौशाला में भेज दिया गया। दूसरी तरफ प्रशासन गोतस्करी के एंगल से भी इस मामले की पड़ताल कर रही है। दावा किया जा रहा है कि इन मवेशियों को लेने के लिए सीधी जिले से भी कुछ लोग पहुंचे थे।