भोपाल: लड़की को बचाने के लिए चलती ट्रेन के नीचे कूद गए महबूब, जान पर खेल बचाई युवती की जान

भोपाल के बरखेड़ी फाटक के पास एक अज्ञात लड़की को बचाने के लिए चलती ट्रेन के नीचे कूद गए मोहम्मद महबूब, वीडियो वायरल होने के बाद लोग कर रहे हैं वीरता को सलाम, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने की सम्मानित करने की मांग

Updated: Feb 12, 2022, 04:36 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक व्यक्ति अपरिचित लड़की की जान बचाने के लिए चलती ट्रेन के नीचे कूद गया। लड़की की जान बचाने वाले का नाम मोहम्मद महबूब है और वे पेशे से कारपेंटर हैं। सोशल मीडिया पर महबूब की वीरता के खूब चर्चे हो रहे हैं। 

दरअसल, बीते 5 फरवरी को भोपाल के बरखेड़ी फाटक पर एक मालगाड़ी आकर रुकी थी। ज्यादा देर होने के कारण लोग मालगाड़ी के नीचे से गुजरने लगे। मालगाड़ी के नीचे से जब एक लड़की गुजर रही थी तभी मालगाड़ी चलने लगी। लड़की मदद के लिए चीखने लगी। वहां मौजूद लोग जबतक कुछ समझ पाते एक युवक ट्रेन के गैप में कूद गया।

ट्रेन अभी धीरे-धीरे ही बढ़ रही थी और युवक अपनी सूझबूझ से लड़की को लेकर सीधा लेट गया। युवक ने अपने हाथ से लड़की के सर को दबाए रखा और उपर से एक-एक कर मालगाड़ी के सभी डब्बे गुजर गए। इस तरह दोनों सही सलामत बच गए। वहां मौजूद किसी लड़के ने इस घटना का वीडियो बना लिया जो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। 

लड़की की जान बचाने वाले की पहचान अशोक बिहार बैंक कॉलोनी में रहने वाले मोहम्मद महबूब भी के रूप में हुई है। महबूब भोपाल में कारपेंटर हैं। वे बताते हैं कि उनके जीवन का वह क्षण बेहद अलग था। महबूब के मुताबिक उस दिन रात करीब 8 बजे वे सोनिया कॉलोनी से नमाज पढ़कर बरखेड़ी रेलवे फाटक होते हुए अपने कारखाने की ओर जा रहे थे। तभी बरखेड़ी रेलवे फाटक के एक मालगाड़ी आकर रुकी और यह घटना हुई। लड़की को मुसीबत में देख महबूब बिना कुछ सोचे समझे चलती मालगाड़ी के नीचे कूद गए। 

यह भी पढ़ें: बेबुनियाद और दुर्भावना से भरे हुए हैं सभी आरोप, ED की कार्रवाई पर राणा अय्यूब में तोड़ी चुप्पी

महबूब के मुताबिक ट्रेन गुजरने के बाद लड़की अपने परिजनों को पकड़कर रोने लगी। महबूब उस घटना को लेकर कहते हैं कि, 'मेरे मन में उस वक्त बस यही ख्याल था कि मुसीबत में फंसे लोगों की मदद करनी चाहिए। मैंने वही किया जो मेरा दिल कह रहा था। 30 सेकंड में यदि लड़की की मैं मदद नहीं करता तो उसकी जान जा सकती थी। हमें सिर्फ इतना ही डर लग रहा था कि कहीं डिब्बों के नट-बोल्ट शरीर में न लग जाएं। महबूब कहते हैं कि अल्लाह की मर्जी थी तो हम सही सलामत बच गए।'

महबूब के मुताबिक रात में जब उन्होंने अपनी पत्नी को यह वाकया सुनाया तो उसने कहा कि बहुत अच्छा काम किया है लोगों की मदद करने का परिणाम ईश्वर देगा। शुक्रवार को एक स्वयंसेवी संस्था चलाने वाले शोएब हाशमी ने महबूब को सम्मनित किया। महबूब के पास मोबाइल फोन नहीं था इसलिए शोएब ने उन्हें नया मोबाइल गिफ्ट दिया। महबूब कहते हैं कि हम तो मीडिया में आना नहीं चाहते थे लेकिन पता नहीं कब किसने वीडियो बनाया और वायरल हो गया। 

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने भी महबूब की वीरता की प्रशंसा की है। सिंह ने ट्वीट किया, 'महबूब भाई की हिम्मत की मैं दाद देता हूँ। मध्य प्रदेश शासन को इनका सम्मान करना चाहिए। बधाई महबूब भाई।'