भोपाल पुलिस ने प्रतिबंधित संगठन सिमी के दो सदस्यों को खंडवा से पकड़ा, कोर्ट ने दी जमानत

खंडवा में पकड़े गए प्रतिबंधित संगठन सिमी के दो सदस्य, पेशी पर नहीं जाने से कोर्ट ने किया था स्थाई वारंट जारी , भोपाल पुलिस ने पकड़ा!

Updated: Feb 05, 2022, 03:04 AM IST

खंडवा।  भोपाल पुलिस ने प्रतिबंध संगठन सिमी के दो  सदस्यों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी  देश विरोधी मामलाें में फरार चले रहे थे। उनकी पहचान सिमी सदस्य बब्बू उर्फ बबलिया और अब्दुल रकीब के रूप में हुई है। हालांकि, कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी।

जानकारी के मुताबिक भोपाल पुलिस ने गुरुवार रात इस कार्रवाई को बेहद गोपनीय तरीके से अंजाम दिया। पुलिस दोनों को पकड़कर भाेपाल ले गई। शुक्रवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया। बताया जा रहा है कि अवैध हथियारों के साथ आरोपितों को उनके आठ साथियों के साथ गुलमोहर कालोनी से पकड़ा गया था।

पेशी पर नहीं आने से कोर्ट ने दोनों काे फरार घोषित करते हुए स्थाई वारंट जारी कर दिया था। पुलिस दोनों को तलाश रही थी। इस बीच भोपाल पुलिस को दोनों के खंडवा में होने की खुफिया इनपुट मिली। इसके बाद भोपाल पुलिस ने खंडवा में उनके घर और संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। 

पूर्व में आरोपितों को वर्ष - 2014 के प्रकरण में आठ अन्य लोगों के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। लंबे समय तक जेल में रहने के बाद उन्हें जमानत मिली है। गांधी नगर में दर्ज मामले में पेशी पर नहीं पहुंचने के कारण हाल ही में दोनों का गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।