तंत्र विद्या से सोना बनाने के नाम पर ठगी, 30 लाख रुपए लेकर आरोपी तांत्रिक फरार

इंदौर में असली सोना देकर तांत्रिक ने युवक को अपने जाल में फंसाया, भरोसा जीत कर ऐंठे 30 लाख रुपए, महीनेभर में सोना बनाकर देने का किया था वादा

Updated: Feb 17, 2022, 12:38 PM IST

Photo Courtesy: siasat
Photo Courtesy: siasat

इंदौर। जिले में ठगी का हैरतअंगेज मामला सामने आया है। शातिर बदमाशों ने तांत्रिक बनकर एक शख्स से 30 लाख रुपए की ठगी की। बदमाशों ने तंत्रमंत्र से सोना बनाने के नाम पर ठगा है। फरियादी का भरोसा जीतने के लिए पहले तांत्रिक ने उसे थोड़ा सा असली सोना दे दिया। जिसे लेकर शख्स सुनार के पास गया और सोने की शुद्धता चेक करवाई। तांत्रिक पर भरोसा होने के बाद उसके मन में और ज्यादा सोना पाने का लालच जागा।

तांत्रिक के जाल में फंसे शख्स ने 30 लाख रुपए उसे दे दिए, तांत्रिक ने उसे एक महीने बाद सोना देने के लिए बुलाया था। जब फरियादी तय समय पर उसके ठिकाने पर सोना लेने पहुंचा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। वहां पर कोई नहीं मिला, आरोपी पैसे लेकर फरार हो गया था। अब आखिरकार थक हार कर शख्स ने मामले की शिकायत थाने में दर्ज करवा दी है। इंदौर की भंवरकुआं थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

और पढ़ें: सड़क हादसे में 25 यात्री घायल, कटनी में पेड़ से टकराकर पलटी तेज रफ्तार बस

 पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भंवरकुआ निवासी विनाज सैनी ने मित्रानंद शुक्ला नाम के तांत्रिक पर ठगी का आरोप लगाया है। मित्रानंद ने उसे तंत्र क्रिया के जरिए सोना बनाने का झांसा दिया और फिर उससे 30 लाख की रकम ऐंठ ली। फरियादी का आरोप है कि तांत्रिक मित्रानंद की इस साजिश में उसकी पत्नी और भाई भी शामिल हैं।

और पढ़ें: अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज के पास नवजात बच्चे का शव मिला, मलबे में जिंदा दफनाने का आशंका

तीनों ने अपनी चिकनी-चुपड़ी बातों में फंसाकर विनाज से एक महीने बाद सोना लेने आने को कहा था। महीने भर बाद जब फरियादी अपना सोना लेने पहुंचा तब उसे सच्चाई का पता चला। भंवरकुआं थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की खोजबीन शुरू कर दी है।