MP में कोरोना से 5 लोगों की मौत, एक्टिव मरीजों की संख्या 61 हज़ार के पार

इंदौर में कोरोना के 3100 से अधिक मामले दर्ज किए गए, तीन लोगों की मौत भी हुई, एक 20 वर्षीय युवती ने भी कोरोना के कारण दम तोड़ दिया

Updated: Jan 22, 2022, 05:47 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में कोरोना की बेकाबू रफ्तार जारी है। पिछले 24 घंटे में मध्य प्रदेश में कोरोना के कारण 5 लोगों की मौत हो गई। जिसमें तीन मौतें अकेले इंदौर में दर्ज की गईं। वहीं सागर और उज्जैन में एक एक मौत दर्ज की गई। इंदौर में हुई तीन मौतों में एक 20 वर्षीय युवती की मृत्यु भी शामिल है। शुक्रवार को प्रदेश में ग्यारह हजार से ज्यादा मामले दर्ज किए गए। बीते दिन प्रदेश भर में कुल 11,274 मरीजों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या भी 61 हजार के पार पहुंच गई। इस वक्त प्रदेश में कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या 61,388 है।

शुक्रवार को इंदौर में 3100 से अधिक मामले दर्ज किए गए। कुल 3169 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जबकि 3 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 70 वर्षीय बुजुर्ग और 50 वर्षीय व्यक्ति शामिल है। जबकि एक बीस वर्षीय युवती ने भी दम तोड़ दिया। युवती ने जहर खाया था। अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। 

वहीं भोपाल में कोरोना काल में एक दिन में संक्रमण के रिकॉर्ड मामले दर्ज किए गए। शुक्रवार को भोपाल में कोरोना के कुल 2107 मामले सामने आए। राजधानी में कोलार कोरोना का हॉटस्पॉट बना हुआ है। शुक्रवार को नए संक्रमितों में 480 मरीज कोलार में ही मिले हैं।

इसके अलावा ग्वालियर और जबलपुर में कोरोना के 700 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। ग्वालियर में एक पांच महीने की नवजात की मौत कोरोना के कारण हुई है। तबीयत बिगड़ने के बाद बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उसकी कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई। शुक्रवार को ग्वालियर में कोरोना के 730 मामले सामने आए। जबकि जबलपुर में 740 मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई।