जंगल में बकरी चराने गए किशोर का मिला शव, पड़ोसी पर लगा हत्या का आरोप

ग्वालियर में 15 साल के नाबालिग की कुल्हाड़ी मारकर हत्या, मां ने आरोपी के खिलाफ नामजद दर्ज करवाई शिकायत, फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

Publish: Feb 20, 2022, 05:15 AM IST

Photo Courtesy: Amar Ujala
Photo Courtesy: Amar Ujala

ग्वालियर। भितरवार के सुखना खिरिया गांव में एक किशोर की हत्या का मामला सामने आया है। किशोर  जंगल में अपनी बकरियां चराने गया था। उसकी कुछ बकरियां खो गई थीं। जिन्हें खोजते हुए वह काफी दूर निकल गया। जहां एक शख्स ने उसकी कुल्हाड़ी से मार कर हत्या कर दी। जिस वक्त आरोपी किशोर पर हमला कर रहा था, तभी गांव के एक ग्रामीण की नजर उस पर पड़ी। उसने हमलावर को रोकने की कोशिश की। लेकिन आरोपी ने उसे भी जान से मारने की कोशिश की। जिसके बाद ग्रामीण वहां से भागा और गांव में जाकर मामले की खबर दी। घटना की जानकारी मिलते ही गांववाले वहां पहुंचे, तब तक आरोपी बच्चे को मौत के घाट उतार कर भाग चुका था।

जंगल में बच्चे का शव मिला। उसके शरीर पर कुल्हाड़ी से वार के निशान थे। मृतक की मां ने अपने एक पड़ोसी जगन्नाथ उर्फ ठकुरी बघेल पर हत्या का आरोप लगाया है। मां का आरोप है कि उसका बेटा शनिवार सुबह उसी के साथ बकरियां चराने गया थाl  मृतक के परिजन की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। आरोपी अपने घर से फरार है, पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। किशोर की हत्या से गांव में तनाव फैल गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

और पढ़ें: कांग्रेस में बदलेगा फार्मूला, जानिए किसे मिलेंगे ज्यादा टिकट

इस घटना के प्रत्यक्षदर्शी पुरुषोत्तम ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि जब वह शनिवार शाम अपने खेत में पानी दे रहा था, तब सुखना खिरिया के पास उसने आरोपी को बच्चे के साथ देखा था। आरोपी  कुल्हाड़ी लेकर बच्चे को मारने की कोशिश कर रहा था, उसने उसे रोकने की कोशिश की लेकिन हमलावर ने उस पर भी वार कर दिया। जिसके बाद वह वहां से भागा और गांव वालों को लेकर आया। जब ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचे हत्यारा वहां से चंपत हो गया था। अब पुलिस आरोपी के परिजनों पर दबिश दे रही है, जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।