देवास: टिकट नहीं मिलने से नाराज भाजपा नेता ने केरोसिन डालकर किया आत्मदाह का प्रयास

भोजराज देवास के वार्ड क्रमांक 25 से पार्षद का टिकट मांग रहे थे, भाजपा जिलाध्यक्ष पर कार्यकर्ताओं की अनदेखी और पैसे लेकर पार्षद टिकट बेचने का आरोप भी लगाया।

Updated: Jun 18, 2022, 08:26 AM IST

भोपाल। देवास के भाजपा कार्यालय में एक कार्यकर्ता ने पार्षद टिकट नहीं मिलने पर अपने शरीर पर केरोशिन छिड़क लिया और आत्मदाह की कोशिश की। भाजपा नेता भोजराज सिंह जादौन अपने समर्थकों के साथ भाजपा कार्यालय पहुंचे। बाहरी व्यक्ति को टिकट देने से नाराज कार्यकर्ता भोजराज सिंह जादौन ने पदाधिकारियों के सामने नाराजगी जाहिर की।

टिकट न मिलने से दुखी होकर भोजराज ने अपने शरीर पर केरोशिन छिड़क लिया और आत्मदाह की कोशिश की। वहां मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं ने भोजराज को आत्मदाह करने से रोका और उसके शरीर पर पानी डाला। भाजपा कार्यकर्ता नारे लगा रहे थे तानाशाही नही चलेगी। भोजराज देवास के वार्ड क्रमांक 25 से पार्षद का टिकट मांग रहे थे। भाजपा जिलाध्यक्ष पर कार्यकर्ताओं की अनदेखी और पैसे लेकर पार्षद टिकट बेचने का आरोप भी लगाया।

यह भी पढ़ें: पवन खेड़ा कांग्रेस के नवगठित संचार विभाग में मीडिया एवं प्रचार के अध्यक्ष नियुक्त

वहीं गुना में पूर्व भाजपा विधायक और नगरपालिका अध्यक्ष राजेंद्र सिंह सलूजा ने खुद को नगरपालिका चुनाव से अलग कर लिया और घोषणा की उनके परिवार से कोई चुनाव नही लड़ेगा। भाजपा ने गुना नगरपालिका के  वार्ड क्रमांक 9 से उनकी पत्नी कुलजीत सलूजा को पार्षद प्रत्याशी घोषित किया था लेकिन पार्टी में मूल कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान व टिकट न मिलने की बात कहते हुए, उन्होंने भाजपा संगठन को अपनी पत्नी का टिकट वापस कर दिया।

भोपाल में वार्ड 56 से पूर्व बीजेपी पार्षद केवल मिश्रा टिकट कटने से नाराज़ उनके समर्थकों के साथ सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर कर बंगले पहुँचे। पार्टी के नियमों को ताक़त पर रखकर व बाहरी व्यक्ति को टिकट देने से नाराज़ समर्थक धरने पर पहुँचे। जहां वे भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से  इस्तीफा देने की बात कर रहे है।