जब फ्लाइट पर ऑनबोर्ड यात्री की थम गई थी सांसें, MP यूथ कांग्रेस अध्यक्ष डॉ विक्रांत भूरिया ने बचाई जान

भोपाल से अहमदाबाद जा रही थी फ्लाइट, यात्री की पल्स रुकी, फरिश्ते के रूप में आकर भूरिया ने बचाई जान, मरीज़ की पत्नी ने जारी किया भावुक संदेश, बोलीं- लोग सच कहते हैं डॉक्टर भगवान का रूप होते हैं

Updated: Jan 16, 2022, 07:01 AM IST

भोपाल/अहमदाबाद। फ्लाइट में मेडिकल इमरजेंसी हो और उसी फ्लाइट से कोई डॉक्टर भी यात्रा कर रहा हो, यह सुखद संयोग विरले ही होता है। इंडिगो फ्लाइट में एक ऐसा ही संयोग हुआ जिससे एक यात्री की जान बाल बाल बची। एक महिला का भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें वह मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ विक्रांत भूरिया को फरिश्ता बता रही हैं।

दरअसल, बीते 11 जनवरी को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से अहमदाबाद जाने के लिए इंडिगो एयरलाइन्स ने टेकऑफ किया था। उड़ान भरने के करीब आधे घंटे बाद विमान जब हजारों फीट ऊपर हवा में था तब एक यात्री ने रिस्पांड करना बंद कर दिया। यात्री की सांस, नर्व और पल्स एक साथ रुक गई। फ्लाइट अटेंडेंट ने अनाउंस किया कि कोई डॉक्टर है? इत्तेफाक से उसी फ्लाइट में डॉ विक्रांत भूरिया यात्रा कर रहे थे। 

भूरिया के मुताबिक यात्री की सांस और हार्टबीट बंद हो गई थी। भूरिया के पास फ्लाइट में कोई मेडिकल इंस्ट्रूमेंट्स भी नहीं थे। उन्होंने यात्रियों से एक टॉर्च मांगी और मरीज की आंखों को देखा तो पाया की उसकी पुतलियां छोटी हो चुकी थी। भूरिया बताते हैं कि हार्टबीट और सांस रुकने के बाद हम मरीज का ब्रेन चेक करते हैं कि ये डेड हुआ या नहीं। आंखों को देखकर ब्रेन का पता चल जाता है। उस दौरान उनका ब्रेन डेड होने ही वाला था।

डॉ भूरिया ने तत्काल एयरवे चेक किया और पाया कि मरीज के गले में कुछ अटका हुआ था। इसके बाद उन्होंने मरीज के छाती पर जोर देकर वोमींटिंग कराई और फिर मरीज को ऑक्सीजन लगाया। इसके बाद उनकी धड़कनें चलने लगी। हालांकि, वे होश में तब भी नहीं आए। कॉकपिट की मदद से अहमदाबाद में फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग हुई और फिर एम्बुलेंस से मरीज को अस्पताल भेजा गया। मरीज की हालत अब स्थिर है और वे ठीक हो रहे हैं। 

यात्री की पत्नी जयश्री पणिकर ने इस घटना को लेकर एक इमोशनल वीडियो संदेश में कहा है कि लोग सच कहते हैं, डॉक्टर भगवान के रूप होते हैं। बिना किसी जान-पहचान के डॉ भूरिया हमारी मदद के लिए आए। मैं भगवान से दुआ करती हूं कि उनपर हमेशा कृपा बनाए रखें। उनकी वजह से ही मेरे पति आज सही सलामत हैं। पणिकर अंत में रुंधे गले से कहती हैं ‘सिर्फ आपकी वजह से ही मेरे पति आज जीवित हैं।’ देशभर में लोग इस वीडियो को शेयर कर भूरिया की सराहना कर रहे हैं।

इंडिगो एयरलाइन्स ने भी इस घटना को लेकर ट्वीट किया है और डॉ भूरिया के लिए कृतज्ञता जताई है। इंडिगो ने अपने ट्वीट में लिखा है कि, 'एक जरूरतमंद यात्री को चिकित्सा सहायता प्रदान करने के लिए डॉक्टर भूरिया का हार्दिक आभार। आप प्रेरणादायक हैं। हम अपने सभी डॉक्टरों की निरंतर प्रतिबद्धता और समर्पण की सराहना करते हैं। आप जो करते हैं उसके लिए शुक्रिया।' 

कौन हैं विक्रांत भूरिया

आदिवासी समुदाय से आने वाले डॉ भूरिया मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष हैं। राजनीतिक पहचान से इतर डॉ भूरिया एक पेशेवर सर्जन भी हैं। राजनीति में आने से पहले वे डॉक्टर थे और अब भी समय-समय पर वे बतौर डॉक्टर सेवाएं देते रहते हैं। कोरोना काल में भी जब देश मेडिकल इमरजेंसी से जूझ रहा था तब विक्रांत हॉस्पिटल में मरीजों का इलाज कर रहे थे। 

भूरिया कहते हैं कि राजनीति समाजसेवा का एक जरिया है। लेकिन बतौर डॉक्टर अपने दायित्वों से कभी मुंह नहीं फेरा जा सकता है। जब किसी मरीज को इलाज की जरूरत होती है तो हम ये नहीं पूछते की ये कौन हैं, किस जाति, धर्म अथवा राज्य के हैं। डॉक्टर और मरीज के बीच इंसानियत का रिश्ता होता है। मेरी जगह फ्लाइट में कोई और पेशेवर डॉक्टर होता तो वह भी यही करता। हमें खुशी है कि हम पणिकर जी को बचा पाने में कामयाब हुए।