टीवी फ्रिज, कूलर और बाइक के शौक़ में बेटे को बेच डाला, इंदौर में जन्म लेने से पहले दंपति ने किया मासूम का सौदा

इंदौर के हीरा नगर थाना इलाके में एक महिला ने पति के साथ मिलकर अपने 15 दिन के मासूम बेटे को साढ़े पांच लाख रुपये में बेच दिया, इस मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.. पति को शक था कि बच्चा नाजायज़ है तो दंपति ने जन्म से पहले ही कर लिया बच्चे का सौदा

Updated: Jun 09, 2022, 09:49 AM IST

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में एक नवजात बच्चे को बेचने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां दंपत्ति ने अपने 15 दिन के मासूम बच्चे को बेचकर फ्रिज, कूलर, टीवी, वॉशिंग मशीन और बाइक खरीद लिया। मामले का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

मामला इंदौर के हीरा नगर थाना इलाके का है, जहां एक दंपति ने जन्म लेने से पहले ही अपने होने वाले बच्चे का सौदा कर दिया था। दोनों ने दलालों के माध्यम से बच्चा साढ़े पांच लाख रुपये में बेचना तय किया था। दलालों में कमीशन बांटने के बाद पति-पत्नी को लगभग आधे रुपये मिले। इस पैसे से दोनों ने मिलकर जमकर खरीददारी की। घटना के दो महीने बाद पुलिस को इसकी जानकारी मिली और अब आरोपी दंपत्ति जेल में हैं।

यह भी पढ़ें: गुना: महिला आरक्षित सीटों पर पुरुषों ने भरा पर्चा, आशा बहनों के चुनाव लड़ने पर रोक, पूर्व डकैत की पत्नी सरपंच निर्वाचित

जानकारी के मुताबिक अंतर सिंह और शायरा बी दोनों साथ रहते हैं। शायरा जब गर्भवती हुई तब अक्सर दोनों के बीच विवाद होता था। अंतर सिंह अक्सर आरोप लगाता था कि महिला के गर्भ में पल रहा बेटा उसका नहीं है। विवाद बढ़ने के बाद दोनों ने गर्भपात कराने का निर्णय लिया, लेकिन गर्भपात नहीं करवा सके। इसके बाद उन्होंने बच्चे को बेचने की योजना बना ली।

बच्चा जब पल रहा था तब उन्होंने दलालों के माध्यम से एक दंपत्ति से संपर्क किया। देवास के रहने वाले इस दंपति के जुड़वां बच्चे थे, लेकिन उनका निधन हो गया था। उसके बाद से ही वह बच्चों की तलाश कर रहे थे। दंपति ने पांच लाख में बच्चे को खरीदने का सौदा किया। बच्चे के जन्म के 15 दिन बाद खरीददार बच्चे को अपने साथ ले गए और बदले में साढ़े पांच लाख रूपये दे गए।

यह भी पढ़ें: CBI ने मिलिट्री इंजीनियर को 50000 रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा

इन रुपयों में से दलालों ने अपना कमीशन भी लिया। बचे पैसों से बच्चे को जन्म देने वाले दंपत्ति ने फ्रिज, कूलर, टीवी, वॉशिंग मशीन और बाइक खरीद लिया। करीब दो महीने बाद किसी ने पुलिस को इस बात की जानकारी दी। मामले की छानबीन कर पुलिस ने बेचनेवाले और खरीदनेवालों समेत दलालों को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।