इंदौर: PM मोदी ने CNG प्लांट का किया लोकार्पण, छत्तीसगढ़ की तर्ज पर MP सरकार भी खरीदेगी गोबर

इंदौर में नवनिर्मित गोबर धन प्लांट के लोकार्पण के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि कचरे से कंचन बनाने के अभियान का हो रहा असर, सीएम शिवराज ने 5 रुपए प्रति किलो गोबर खरीदने का किया ऐलान

Updated: Feb 19, 2022, 09:21 AM IST

इंदौर। स्वच्छता के मामले में अग्रणी मध्य प्रदेश के इंदौर में एशिया के सबसे बड़े CNG गोबर धन प्लांट का शुभारंभ हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस बायो सीएनजी प्लांट का वर्चुअल लोकार्पण किया। पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि कचरे से कंचन बनाने के अभियान का असर हो रहा है। इस प्लांट के लिए मध्य प्रदेश सरकार भी छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार के तर्ज पर गोबर खरीदेगी। सीएम चौहान ने ऐलान किया कि सरकार आसपास के गांवों से पांच रुपए प्रति किलो गोबर खरीदेगी।

लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि, 'देवी अहिल्या जी के साथ ही आज इंदौर का नाम आते ही मन में आता है- स्वच्छता। इंदौर का नाम आते ही मन में आता है- नागरिक कर्तव्य। जितने अच्छे इंदौर के लोग होते हैं, उतना अच्छा उन्होंने शहर को भी बना दिया है। शहर में घरों से निकला गीला कचरा हो, गांव में पशुओं-खेतों से मिला कचरा हो, ये सब एक तरह से गोबरधन ही है। शहर के कचरे और पशुधन से गोबरधन, फिर गोबरधन से स्वच्छ ईंधन, फिर स्वच्छ ईंधन से ऊर्जाधन। ये श्रंखला, जीवनधन का निर्माण करती है।'

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि, 'अब तो शहरों में ही नहीं, देश के गांवों में भी हजारों की संख्या में गोबरधन बायो गैस प्लांट लगाए जा रहे हैं। इनसे हमारे पशुपालकों को गोबर से भी अतिरिक्त आय मिलनी शुरु हुई है। गांव-देहात में किसानों को बेसहारा पशुओं से जो दिक्कत होती है, वो दिक्कत भी इसके कारण कम हो जाएगी। देश अपने हर सफाई कर्मी भाई-बहन का अत्यंत ऋणी है। अपने शहरों को स्वच्छ रखकर, गंदगी न फैलाकर, नियमों का पालन करके हम उनकी मदद कर सकते हैं।'

मध्य प्रदेश सरकार खरीदेगी गोबर

कार्यक्रम के दौरान लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि, वन सन, वन वर्ल्ड, वन ग्रिड एंड वन नरेंद्र मोदी। यह भारत की प्रगति का गौरव काल है। दुनिया सुरक्षित रहे, इसके लिए भी हमारे पीएम ने दुनिया को दिशा दी है। वेस्ट टू बेस्ट का मंत्र भी प्रधानमंत्री ने दिया। मध्य प्रदेश इस पर अमल कर रहा है। इंदौर का CNG प्लांट इसी का परिणाम है। इस प्लांट में गोबर का इस्तेमाल भी किया जाएगा। ये गोबर हम आसपास के गांव से 5 रुपए प्रति किलो खरीदेंगे। 

उन्होंने आगे कहा कि, 'मध्यप्रदेश में सोलर एनर्जी, बॉयो एनर्जी पर भी काम चल रहा है। पर्यावरण को बचाने के लिए एमपी में अंकुर अभियान चलाया जाएगा। मैं भी रोज एक पेड़ लगा रहा हूं। इंदौर में पॉलीथिन पर प्रतिबंध लगाकर 'मैं भी झोलाधारी इंदौर' अभियान शुरू किया जा रहा है।'