कोहरे की वजह से जबलपुर में भीषण सड़क हादसा, संत त्यागी नंद महाराज की दर्दनाक मौत

ओवरटेक करते समय ट्राले में जा घुसी संत त्यागी नंद महाराज की गाड़ी, गुरु के साथ एक शिष्य की भी मौत, चार अन्य शिष्य सुरक्षित, छत्तीसगढ़ से महाराष्ट्र लौट रहे थे संत

Updated: Feb 11, 2022, 09:22 AM IST

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में शुक्रवार सुबह कोहरा होने के कारण एक भीषण सड़क दुर्घटना हुआ। इस हादसे में महाराष्ट्र के संत त्यागी नंद महाराज और उनके एक शिष्य की दर्दनाक मौत हो गयी। बताया जा रहा है कि संत त्यागी नंद महाराज अपने शिष्यों के साथ छत्तीसगढ़ से महाराष्ट्र लौट रहे थे। 

जानकारी के मुताबिक यह हादसा ओवरटेक करते समय हुआ। उनकी गाड़ी रोड पर खड़े ट्राले से भिड़ गई। ट्राले के ड्राइवर ने पार्किंग लाइट नहीं जलाई थी। साथ ही काफी कोहरा भी था, जिसकी वजह से संत के ड्राइवर को ट्राला नहीं दिखाई दिया। हादसे में ड्राइवर के बगल की सीट पर बैठे संत त्यागी नंद महाराज और उनके पीछे बैठे शिष्य की मौत हो गई। वहीं एक अन्य शिष्य घायल है। ड्राइवर सहित चार अन्य लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। 

सिहोरा पुलिस के मुताबिक संत त्यागी नंद महाराज अपने शिष्यों के साथ अड़गड़ा नंद महाराज के चुनर आश्रम (छत्तीसगढ़) गए थे। वहां से 10 फरवरी की रात पुनेगांव नांदेड़ के लिए थे। सभी लोग सुबह करीब साढ़े पांच बजे कटनी-जबलपुर हाईवे NH-30 के महगवां तिराहे पर पहुंचे थे। ओवरटेक करते समय उनकी चारपहिया वाहन रोड पर बिना इंडीकेटर जलाए खड़े एक ट्राले से जा टकराई। 

हादसे में 50 वर्षीय त्यागी नंद महाराज और उनके 37 वर्षीय शिष्य बलीराम पुयड़ को सिर में गंभीर चोटें आई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं रतन कुमार के चेहरे पर चोट आई है। अन्य सभी लोग पूरी तरह ठीक हैं। सिहोरा पुलिस ने इस मामले में ट्राला ड्राइवर मोहम्मद नफीस निवासी शाहीपुर जेठवारा, प्रतापगढ़ के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक ट्राले का मालिक नागपुर में रहता है।