भोपाल में आयुर्वेद जूनियर डॉक्टरों का आंदोलन, आयुष मंत्री की सद्बुद्धि के लिए किया यज्ञ

पांच सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं आयुर्वेद के जूनियर डॉक्टर्स, पं खुशीलाल शर्मा आयुर्वेद कॉलेज के मुख्य द्वार पर छात्रों ने शुरू किया यज्ञ

Updated: Feb 26, 2022, 12:09 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आयुर्वेद जूनियर डॉक्टरों का आंदोलन तेज होता जा रहा है। शनिवार को भोपाल स्थित पं खुशीलाल शर्मा आयुर्वेद कॉलेज के मुख्य द्वार पर जूनियर डॉक्टरों ने सद्बुद्धि यज्ञ का आयोजन किया। डॉक्टरों ने कहा कि आयुष मंत्री रामकिशोर कांवरे और विभागीय अधिकारियों की बुद्धि भ्रष्ट हो गई है, इसलिए हमने इस यज्ञ का आयोजन किया है, ताकि उन्हें सद्बुद्धि मिल सके।

आयुर्वेद कॉलेज के गेट पर हो इस यज्ञ में कई दर्जन छात्र-छत्राएं शामिल रहे। इस दौरान उन्होंने विधि-विधाम से हवन और पूजन किया। बता दें कि बीते पांच दिनों से आयुर्वेद छात्र हड़ताल पर बैठे हुए हैं। इस वजह से आयुर्वेदिक अस्पतालों में व्यवस्थाएं चरमराने लगी हैं। अस्पताल में हडताल के चलते मरीजों की संख्या भी कम होती जा रही है। आंकड़ों के मुताबिक बीते 21 फरवरी को अस्पताल में जहां 389 मरीज थे वहीं 26 फरवरी तक उनकी संख्या 201 हो गई। 

ये है जूनियर डॉक्टरों की मुख्य मांगें

1. आयुर्वेद यूजी छात्रों की इंटर्न, एवं पीजी छात्रों को मिलने वाला स्टायपेंड एलोपैथी के समान किया जाए।

2. आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय जबलपुर से आयुष शाखा को पृथक कर भोपाल में स्थानान्तरित किया एवं जल्द पृथक रुप से आयुष विश्वविद्यालय स्थापित किया जाए।

3. लोक सेवा आयोग द्वारा आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी की भर्ती प्रतिवर्ष निकाली जाए एवं इस वर्ष आयोजित की जाने वाली परीक्षा से संविदा कर्मियों को दिया जाने वाला 15 प्रतिशत अंक को हटाया जाए।

4. जनसंकल्प 2013 मे घोषित 1000 आयुष औषधालयों को शीघ्र ही खोला जाए।

5. आयुर्वेद छात्रों को भी सशर्त आत्यायिक चिकित्सा का अधिकार मिले।

यह भी पढ़ें: जयारोग्य अस्पताल की बड़ी लापरवाही, जिंदा महिला को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, मॉर्चुरी में धड़क रहा था दिल

प्रदर्शनकारी आयुर्वेदिक चिकित्सा छात्रों का कहना है कि बीते पांच दिनों से वे अपनी जायज मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार एक नहीं सुन रही है। आयुष विभाग के अधिकारियों ने कोई आश्वासन तक नहीं दिया है। आयुष मंत्री रामकिशोर कांवरे ने तो हमसे बातचीत भी करना जरूरी नहीं समझा। जब तक हमारी मांगें नहीं मानी जाएंगी हम प्रदर्शन करते रहेंगे।