भगोरिया उत्सव में राह चलती युवतियों से बदतमीज़ी, मनचलों ने छेड़ा तो बचाव की बजाय लोग बनाते रहे वीडियो

मध्य प्रदेश के अलीराजपुर में दिन के उजाले में महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न, सैंकड़ों लोगों की मौजूदगी में महिलाओं के साथ छेड़छाड़, भगोरिया मेले की घटना

Updated: Mar 13, 2022, 07:07 AM IST

अलीराजपुर। मध्य प्रदेश में अब दिन के उजाले में भी महिलाओं का घर से निकलना दूभर हो गया है। अलीराजपुर जिले में शनिवार को सैंकड़ों लोगों की मौजूदगी में मनचलों ने लड़कियों/ महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न किया। हैरानी की बात ये है कि जब अकेली महिलाओं का मनचले यौन शोषण कर रहे थे, तब वहां मौजूद दर्जनों युवक उसका वीडियो बना रहे थे।

मानवता को शर्मसार करने वाली इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि झुंड में सैंकड़ों लोग कहीं से गुजर रहे हैं और सड़क किनारे दो महिलाएं हैं। झुंड में से कोई भी आता है और महिलाओं के साथ जबरदस्ती करता है। कई लड़के दूसरों को भी ऐसा करने के लिए उकसा रहे हैं। अन्य लोग इसका वीडियो बना रहे हैं, जबकि महिलाओं को बचाने के लिए कोई आगे नहीं आता है। अलीराजपुर का यह वीडियो सामाजिक पतन की खुली कहानी बयां करने के लिए काफी है।

अलीराजपुर एसपी मानोज कुमार सिंह ने इस वीडियो की पुष्टि की है। सिंह ने बताया कि यह घटना अलीराजपुर नगर से करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर हुई है। एसपी के मुताबिक भगोरिया मेले से वापस लौट रहे लोगों ने अलीराजपुर शहर के बाहरी छोर पर इस कुकृत्य को अंजाम दिया है। सिंह ने कहा है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द से जल्द सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। सिंह ने कहा है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: शहडोल में मंदिर पर चला शिवराज सरकार का बुलडोजर, अतिक्रमण बता प्रशासन ने प्राचीन मंदिर को तोड़ा

मामले पर पूर्व केंद्रीय मंत्री व आदिवासी नेता कांतिलाल भूरिया ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। भूरिया ने कहा कि, 'यह घटना बेहद निंदनीय है। मेले के दौरान पुलिस प्रशासन के लोग कहाँ थे। हम प्रशासन से मांग करते हैं कि सभी आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी हो और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। हम वरीय अधिकारियों पर लगातार दबाव बना रहे हैं। आदिवासी समाज महिलाओं की इज्ज़त के लिए जाना जाता है। ऐसे घृणित मानसिकता के युवक आदिवासी समाज को नहीं चाहिए।'

अलीराजपुर से कांग्रेस विधायक मुकेश पटेल ने इस घटना को शर्मनाक करार देते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने कहा की भगोरिया उत्सव में ऐसे युवकों की कोई जगह नहीं है। हम पीड़िता को न्याय दिलाने के किए प्रतिबद्ध हैं और प्रशासन से तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग करते हैं।