ग्वालियर में टूटा सर्दी का 31 साल का रिकॉर्ड, 19 जनवरी तक सताएगी कड़ाके की सर्दी

मध्य प्रदेश में पड़ रही कड़ाके की सर्दी ने लोगों की कंपकंपी छुड़ा रखी है, शिवपुरी में सबसे ठंढी रात, ग्वालियर में टूटा 31 साल का रिकॉर्ड

Updated: Jan 16, 2022, 05:08 AM IST

ग्वालियर। नॉर्थ इंडिया में हो रही बर्फबारी के कारण मध्य प्रदेश, खासकर ग्वालियर चंबल अंचल में, कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। ग्वालियर में सर्दी ने 31 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। यहां शनिवार का अधिकतम तापमान 12.6 डिग्री रहा। इससे पहले साल 1990 में पारा इतने नीचे आया था। 

शनिवार को ग्वालियर मध्य प्रदेश में दूसरा सबसे सर्द शहर रहा,  जबकि शिवपुरी का करैरा शहर सबसे ठंडा रहा। करैरा में दिन का अधिकतम तापमान लुढ़ककर 11.3 डिग्री रह गया। यहां पारा सामान्य से 10.2 डिग्री नीचे था। प्रदेश में सबसे ठंडी रात शिवपुरी के पिपरसमा में रही। वहां रात का न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री रहा।

इसके अलावा भिंड और नौगांव में भी हाड़ कंपा देने वाली सर्दी रही। दोनों शहरों में दिन का अधिकतम तापमान 12.8 डिग्री दर्ज किया गया है। यह सामान्य से करीब 10 डिग्री कम रहा। मध्य प्रदेश के 25 शहरों में शनिवार रात का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। शनिवार को सबसे सर्द रात ग्वालियर चंबल इलाके में रही है. शिवपुरी जिले के पिपरसमा में न्यूनतम तापमान 3.3 डिग्री दर्ज किया गया। 

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी के चलते मध्य प्रदेश में सर्दी का असर बढ़ा है। उत्तर भारत से 3 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से शीत लहर आ रही है। इसके चलते अगले तीन दिन तक कड़ाके की सर्दी रहेगी। इस दौरान खासकर ग्वालियर चंबल में ठिठुरन के साथ ही कोहरे का भारी असर रहेगा। मौसम विभाग ने अंचल में 19 जनवरी के आसपास बारिश की संभावना भी जताई है। 20 जनवरी के बाद सर्दी से राहत मिलने के आसार हैं।