इंदौर: 10 साल के बच्चे के मुंह में थे 50 दांत, डॉक्टरों ने सर्जरी कर 30 दांत उखाड़े

डॉक्टरों के मुताबिक बच्चे के मुंह में 50 दांत विकसित हो गए थे और इस वजह से मसूड़े दब रहे थे, बच्चे का मुंह सूजा और फूला हुआ दिख रहा था

Updated: Mar 02, 2022, 05:49 AM IST

Photo Courtesy: Janta se rishta
Photo Courtesy: Janta se rishta

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां डॉक्टरों ने 10 साल के बच्चे में मुंह में 50 दांत होने का दावा किया है। डॉक्टरों का कहना है कि बच्चे के मुंह में सामान्य से 30 दांत ज्यादा थे। इस वजह से उसका मुंह पूरी तरह सूज गया था। आखिरकार डॉक्टरों ने करीब ढाई घंटे की सर्जरी के बाद बच्चे के मुंह से एक्ट्रा दांतों को बाहर निकाला।

जानकारी के मुताबिक इंदौर के नयापुरा निवासी एक बच्चे का का मुंह पिछले 4 साल से फूला और सूजा हुआ दिखने लगा था। परिवार ने कई डेंटिस्ट को भी दिखाया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। बाद में परिजनों ने बच्चे को मॉर्डन डेंटल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर के डॉक्टर्स को दिखाया। यहां जब उसका एक्सरे किया गया तो डॉक्टर भी हैरान हो गए। 

डॉक्टरों ने बताया कि आमतौर पर इस उम्र के बच्चों के 10 दांत नीचे और 10 दांत ऊपर होते हैं। लेकिन इस बच्चे के मुंह में 30 दांत ज्यादा थे। ये दांत मसूड़ों व कुछ हड्‌डी तक दबे थे। डॉ. सचिन ठाकुर, डॉ. शिशिर दुबे, डॉ. सौरभ बड़जात्या व डॉ. रिनी बड़जात्या की टीम ने बच्चे की सर्जरी प्लान की। फिर ढाई घंटे की सर्जरी कर 30 दांत बाहर निकाले। इसमें 6 दांत ऊपरी जबड़े में अंदर तक दबे थे। दांतों का आकार 1 मिमी से लेकर 10 मिमी तक है।

डॉक्टरों ने परिजनों को बताया कि जबड़े के ऊपर से एक नस गुजरी है।ऑपरेशन में इसका बहुत ध्यान रखना होगा। अगर नस कट गई तो मुंह के आसपास के हिस्सा सुन्न हो सकता है। ऐसे केस जेनेटिक होते हैं। ऐसा 10 हजार में एक केस सामने आते हैं। डॉ. बड़जात्या के मुताबिक ऐसे केसेस में बच्चे सर्जरी के दौरान काफी डर जाते हैं और दर्द के कारण असहज हो जाते हैं। जिन्हें काबू में करना कठिन होता है। कामरान ने सर्जरी के दौरान पूरा सहयोग किया। उसे ऑपरेशन के तीन घंटे बाद डिस्चार्ज कर दिया गया और अब वह फॉलोअप में है।