नियुक्तियों को लेकर विवाद के बीच MP महिला कांग्रेस की कार्यकारिणी भंग, अध्यक्ष को भी हटाया

मध्य प्रदेश में महिला कांग्रेस की कार्यकारिणी गठित होने के बाद कई पदाधिकारियों ने सौंपा था इस्तीफा, शीर्ष नेतृत्व ने पूरी कार्यकारिणी को किया भंग, अध्यक्ष को भी पद से हटाया

Updated: Feb 24, 2022, 01:03 PM IST

भोपाल। मिशन 2023 के लिए जुटी मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठनात्मक तौर पर खुद को मजबूत करने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। हाल ही में हुई नियुक्तियों को लेकर मामूली विवाद होने पर कांग्रेस नेतृत्व ने प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारिणी को भंग कर दिया है। साथ ही प्रदेश अध्यक्ष अर्चना जायसवाल को भी पद से हटा दिया है।

अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की महासचिव व मध्यप्रदेश प्रभारी ओनिका महरोत्रा ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी किया है। महरोत्रा ने अपने आदेश में लिखा कि 30 जनवरी 2022 को गठित की गई महिला कांग्रेस की पूरी कार्यकारिणी को भंग किया जाता है। हालांकि आदेश में यह भी कहा गया है कि महिला कांग्रेस की चार उपाध्यक्ष को छोड़कर पूरी कार्यकारिणी भंग की जाती है। इनमें रश्मि भारद्वाज, कविता पांडे, जमना मरावी और नूरी खान शामिल हैं। यानी प्रदेश अध्यक्ष अर्चना जायसवाल को भी हटा दिया गया है।

यह भी पढ़ें: खुरई कांड की STF जांच कराए सरकार, दिग्विजय सिंह ने सीएम शिवराज को लिखा पत्र

महिला कांग्रेस ने पिछले महीने ही कार्यकारिणी की घोषणा की थी लेकिन इस कार्यकारिणी से कई पदाधिकारी असंतुष्ट बताए जा रहे थे। इसी  असंतोष को जाहिर करते हुए ग्वालियर की जिला अध्यक्ष रुचि गुप्ता और इंदौर की सोनिया शुक्ला ने इस्तीफा दे दिया था। इन महिला कार्यकर्ताओं ने प्रियंका गांधी को भी अपना इस्तीफा भेजा था।

प्रियंका गांधी को भेजे पत्र में उन्होंने आरोप लगाया गया था कि अब पार्टी में जमीनी स्तर पर कार्य करने वालों की इज्जत नहीं होती और अचानक कुछ नेताओं की सिफारिश लगाकर ऊपर से थोपे गए लोग अपनी ही चलाने में लगे रहते हैं। इससे जमीनी कार्यकर्ताओं का हौसला कमजोर पड़ रहा है। विवाद उत्पन्न होता देख शीर्ष नेतृत्व ने कार्यकारिणी को भंग कर दिया है। बताया जा रहा है कि अब नए सिरे से कार्यकारिणी का गठन होगा।