MP: मंत्री समर्थकों ने की सरेआम गुंडागर्दी, कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पीटा, मूकदर्शक बनी रही पुलिस

मध्य प्रदेश के खुरई में भिड़े कांग्रेस और बीजेपी के कार्यकर्ता, पुलिस के सामने भूपेंद्र सिंह समर्थकों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पीटा, उल्टे धरने पर बैठे मंत्री गोपाल भार्गव, कांग्रेस ने पुलिस पर लगाया गंभीर आरोप

Updated: Jan 27, 2022, 01:59 PM IST

खुरई। मध्य प्रदेश के सागर जिले के खुरई में सेल्फी पॉइंट तोड़फोड़ का मामला गरमा गया है। गुरुवार को इस मुद्दे को लेकर सत्तारूढ़ बीजेपी और कांग्रेस के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। इस दौरान बीजेपी मंत्री भूपेंद्र सिंह के समर्थकों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की। हैरानी की बात यह है कि वहां मौजूद पुलिस शुरुआत में मूकदर्शक बनी रही और बाद में उल्टे कांग्रेसियों पर ही लाठीचार्ज किया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक बीते दिनों खुरई स्थित सेल्फी पॉइंट पर तोड़फोड़ मामले में पुलिस ने यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि बीजेपी नेताओं के दबाव में आकर पुलिस ने झूठा मुकदमा दर्ज किया है। इसी बात को लेकर गुरुवार को यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेस के लोग एसडीएम को ज्ञापण सौंपने पहुंचे।

इधर घटना की जानकारी लगते ही स्थानीय विधायक व कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह के समर्थक भी झंडे लेकर वहां पहुंच गए। इस दौरान दोनों दलों के लोग नारेबाजी कर रहे थे। लेकिन मामला तब बिगड़ा जब पीछे से मंत्री भूपेंद्र सिंह भी वहां पहुंच गए। मंत्रीजी को देखकर भाजपाइयों का ने कानून व्यवस्था हाथ में ले लिया। 

मौके का जो वीडियो सामने आया है उसमें स्पष्ट है कि पुलिस का सुरक्षाघेरा तोड़कर भाजपाइयों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया। इस दौरान थोड़ी देर पुलिस मूकदर्शक बनी रही। बाद में मामला शांत कराने के लिए पुलिस ने भी लाठीचार्ज किया। कांग्रेस का आरोप है कि पुलिस भी बीजेपी के साथ मिलकर हमारे कार्यकर्ताओं पर भी हमला कर रही थी। 

घटना के बाद कांग्रेस नेताओं के गाड़ी भी क्षतिग्रस्त दिखे। बताया गया कि भाजपाइयों ने ढूंढ-ढूंढकर लाठी डंडों से कांग्रेसियों के वाहनों पर हमला किया था। हैरानी की बात यह है कि इस घटना के बाद उल्टे मंत्री भूपेंद्र सिंह धरने पर बैठ गए। मंत्री भूपेंद्र सिंह कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। 

मामले पर मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस मीडिया डिपार्टमेंट के अध्यक्ष विवेक त्रिपाठी ने कहा कि, 'भाजपाइयों के पाप के घड़े भर चुके हैं। आज जिस तरह एक मंत्री के इशारों पर गुंडागर्दी की गई वह पूरा प्रदेश देख रहा है। पहले तो भाजपाइयों ने गुंडागर्दी की और इसमें पुलिस ने भी उनका साथ दिया। अब कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज करने की तैयारी है। लेकिन हम गांधी समर्थक हैं, डरेंगे नहीं। सत्य और अहिंसा के रास्ते पर चलकर डटकर मुकाबला करेंगे।'