यूपी से छत्तीसगढ़ जा रही बस एमपी में पलटी, 20 लोग घायल, दो की हालत गंभीर

उमरिया जिले के कोतवाली थाना के निगहरी में मनु ढाबा के पास शुक्रवार सुबह यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई

Updated: Apr 01, 2022, 12:11 PM IST

उमरिया। उत्तर प्रदेश से छत्तीसगढ़ जा रही यात्रियों से भरी एक बस शुक्रवार सुबह मध्य प्रदेश में पलट गई। इस हादसे में करीब 20 लोग घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक बस क्रमांक CG10 AS 4483 लखनऊ से बिलासपुर जाते वक़्त एमपी के उमरिया जिले में पलट गया। यह हादसा उमरिया जिला मुख्यालय से तकरीबन 30 किलोमीटर दूर निगहरी थाना अंतर्गत शहपुरा मार्ग स्थित घोघरी घाटी में मनु ढाबा के पास हुआ। 

यह भी पढ़ें: रूस यूक्रेन जंग में नक्सलियों ने की शांति की पैरवी, हिंसा छोड़ दुनिया में अमन क़ायम करने की अपील

बताया जा रहा है कि घोघरी घाटी के पास पहाड़ी और घुमावदार रास्ता होने के कारण शुक्रवार तड़के सुबह चार बजे बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस पलटने से उसमें सवार 20 यात्री घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंची और 108 एम्बुलेंस से घायलों को उमरिया के जिला अस्पताल पहुंचाया जहां उनका ईलाज है।

घायलों में दो की स्थिति बेहद गंभीर बताई जा रही है। अन्य लोगों को मामूली चोटें आई है। पुलिस ने चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले को जांच में लिया है। यात्री बता रहे हैं कि चालक बेहद स्पीड से बस चला रहा था।