विदिशा में अवैध कॉलोनियों का अनोखा विरोध, शहर की दीवारों पर प्रशासनिक मिलीभगत का उल्लेख

भ्रष्टाचार उन्मूलन संघर्ष समिति ने शुरू किया दीवारों पर लेखन कार्य, लिखा- प्रशासन के संरक्षण में पल रही अवैध कालोनियों के शहर विदिशा में आपका स्वागत है

Updated: Feb 07, 2022, 03:55 AM IST

विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में अवैध कॉलोनियों का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शहर में इसका अनोखा विरोध भी देखा जा रहा है। विदिशा की दीवारों पर अब अवैध कॉलोनियों के खिलाफ लेखन कार्य शुरू हो गया है।

दरअसल, शहर में दर्जनों जगह दीवारों पर भ्रष्टाचार उन्मूलन संघर्ष समिति ने नारे लिखवा दिए हैं। दीवारों पर लिखा गया है कि, 'प्रशासन के संरक्षण में पल रही अवैध कालोनियों के शहर विदिशा में आपका स्वागत है।' समिति के अध्यक्ष रवि प्रकाश साहू का आरोप है कि जिला प्रशासन से साठगांठ कर अवैध काॅलोनाइजर लोगों को ठग रहे हैं। 

यह भी पढ़ें: खनिज मंत्री और प्रदेश अध्यक्ष का माफियाओं को संरक्षण, दिग्विजय सिंह ने लोकायुक्त जस्टिस को लिखा पत्र

साहू के मुताबिक अधिकारियों से मिलकर काॅलोनाइजर कई तरह के शुल्क प्रशासन को जमा नहीं करते और इसी तरह से बिना अनुमति के शहर में कई काॅलोनियां पनप रही हैं। उन्होंने बताया कि एक महीने पहले विदिशा कलेक्टर को इन अवैध कालोनियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया था, जिसपर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब दूसरे चरण में दिवारों पर अवैध कालोनियों के खिलाफ लेखन का उद्देश्य प्रशासन व आम जन को अवगत कराना है।

एक रिपोर्ट के मुताबिक 2010 से 2020 तक नगरपालिका के 4 सीएमओ और 13 एसडीएम के करीब 10 साल के कार्यकाल में शहर में 76 से ज्यादा अवैध कालोनियां बन चुकी हैं। नगर में वैध से ज्यादा अवैध कालोनियों की भरमार हो गई है। नगरीय निकाय क्षेत्र में इस समय वैध कालोनियों की संख्या 54 है जबकि अवैध कालोनियां की तादाद 76 से ऊपर पहुंच चुकी है।