MP के सभी जिलों में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन, इंदौर में विक्रांत भूरिया गिरफ्तार, बोले- चोरों के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे

मध्य प्रदेश के सभी जिलों में यूथ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, भोपाल में गधे को च्यवनप्राश खिलाते दिखे युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता, इंदौर में प्रदर्शन रोकने के लिए पुलिस ने किया बलप्रयोग

Updated: Apr 11, 2022, 01:49 PM IST

भोपाल/इंदौर। मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस ने सोमवार को व्यापमं में हुई गड़बड़ियों के खिलाफ व्यापक विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश के सभी जिलों में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और शिवराज सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इंदौर में प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद भूरिया ने कहा कि व्यापमं चोरों के खिलाफ हम आवाज उठाते रहेंगे।

दरअसल, इंदौर में डॉ भूरिया के नेतृत्व में सैंकड़ों की संख्या में युवा सड़कों पर उतरे थे। खास बात ये है कि इस प्रदर्शन में न सिर्फ यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता बल्कि आम बेरोजगार युवक भी शामिल हुए थे। प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस ने यहां बलप्रयोग किया। प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने बताया कि पुलिस ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया।

गिरफ्तारी के बाद विक्रांत भूरिया ने पुलिस की वैन से ही वीडियो संदेश जारी कर युवाओं को एकजुट होने का आह्वान किया। भूरिया ने कहा कि, 'हम यह लड़ाई अपने लिए नहीं लड़ रहे हैं, बल्कि यह लड़ाई उन 13 लाख युवाओं की है, जिनके भविष्य के साथ शिवराज सरकार खिलवाड़ कर रही है। यह लड़ाई कृषि छात्रों, कोरोना काल में जान की बाजी लगाने वाले स्वास्थ्यकर्मियों की भी है। हम सभी को साथ मिलकर यह लड़ाई लड़ना होगा। हम तबतक चुप नहीं बैठेंगे जब तक व्यापमं चोरों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होंगी। हम तबतक आवाज उठाते रहेंगे जबतक बहरी सरकार के कान तक युवाओं की आवाज नहीं पहुंच जाती।'

इधर राजधानी भोपाल में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखा प्रदर्शन किया। यहां पीसीसी दफ्तर के सामने युवा कांग्रेस कार्यकर्ता गधे को च्यवनप्राश खिलाते दिखे। युवा कांग्रेस नेता विवेक त्रिपाठी ने कहा कि, 'आज प्रदेश की स्थिति यही है। घोड़ों को नहीं मिल रही घास, गधे खा रहे च्यवनप्राश। होनहार युवाओं को फेल कर दिया जाता है, लेकिन वीडी शर्मा के करीबियों को बिना लिखे पास कर दिया जाता है।'

इसी तरह ग्वालियर, जबलपुर, रीवा, खंडवा में भी जोरदार विरोध प्रदर्शन देखा गया। ग्वालियर में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह भी शामिल हुए थे। ग्वालियर युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष हेवरन सिंह कंसनाने कहा की, 'व्यापमं द्वारा आयोजित परीक्षाओं में निरंतर घोटाले उजागर हो रहे हैं, मेधावी छात्र अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं, लेकिन सीएम शिवराज के संरक्षण में शिक्षा माफियाओं द्वारा निरंतर परीक्षाओं में धांधली की जा रही है। प्रशासन ने मौन धारण कर लिया है।'