MP: मिशन 2023 के लिए जुटी यूथ कांग्रेस, शुरू किया बूथ चलो अभियान

मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस ने शुरू किया बूथ चलो अभियान, प्रदेश की हर विधानसभा में 2000 युवाओं की सदस्यता का रखा लक्ष्य, प्रदेश के 9000 हजार बूथों पर कार्यकारणी का हुआ गठन

Updated: Jan 30, 2022, 03:54 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस ने मिशन 2023 के लिए कमर कस लिया है। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यूथ कांग्रेस ने बूथ चलो अभियान शुरू किया है। यूथ कांग्रेस प्रदेश भर के 9 हजार बूथों पर कार्यकारिणी गठित कर चुकी है, वहीं अन्य बूथों पर तेजी से यह काम जारी है।

राजधानी भोपाल स्थित कांग्रेस मुख्यालय में शनिवार को युवा कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक हुई। इस दौरान युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ विक्रांत भूरिया ने प्रत्येक विधानसभा में 2000 नए युवा साथियों को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। भूरिया ने निर्देश दिया की सभी जिला अध्यक्ष एवं विधानसभा अध्यक्ष समन्वय बना कर मतदाता सूची का परीक्षण करें और ऐसे नए मतदाताओं को यूथ कांग्रेस से जोड़ें जो 18 से 25 वर्ष की आयु के हो। 

बैठक के दौरान यूथ कांग्रेस मीडिया विभाग के चैयरमैन विवेक त्रिपाठी ने बताया की बीते दिनों युवा कांग्रेस द्वारा चलाये जा रहे एक बूथ पांच यूथ कार्यक्रम के माध्यम से 65,000 बूथों में से 9 हजार बूथों पर कार्यकारणी बनाने में सफलता प्राप्त हुई है। त्रिपाठी के मुताबिक बाकी बचे बूथों पर भी एक माह में कार्यकारणी गठित करने का लक्ष्य निर्धारित किया जा रहा है। साथ ही मतदाता सूची का अध्ययन कर फर्जी मतदाताओं के नाम कटवाने का भी अभियान चलाया जा रहा है।

त्रिपाठी ने कहा कि नए मतदाताओं को दृष्टिगत रखते हुए उन्हें कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ने के लिए जमीनीस्तर पर बैठकों का आयोजन किया जाना सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने खुरई में बीते दिनों युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर हुए हमले को लेकर कहा कि हम माननीय न्यायालय में जाएंगे। बैठक के दौरान युवा कांग्रेस प्रदेश के प्रभारी अंकित डेढा भी मौजूद रहे।