छेड़खानी के आरोप में युवक की सड़क पर पिटाई, पत्नी के गिड़गिड़ाने से भी नहीं पसीजा भीड़ का दिल

मध्य प्रदेश के गुना में अजय धाकड़ को छेड़खानी के आरोप में जमकर लाठी डंडों से पीटा, मौके पर मौजूद लोग बने रहे मूकदर्शक, गंभीर रूप से घायल अजय अस्पताल में भर्ती

Updated: Feb 04, 2022, 12:36 PM IST

गुना। मध्य प्रदेश के गुना में एक युवक को पड़ोस की लड़की के साथ छेड़खानी करना आफत की शबब बन गया। घर से घसीटकर आरोपियों ने उसे बाहर निकाला और सड़क पर लाठी डंडों से जी भर पिटाई की। पिटाई के वक्त युवक का बच्चा और पत्नी लोगों से रहम मांगते रहे लेकिन किसी ने एक न सुनी। 

यह घटना शुक्रवार सुबह गुना के नानाखेड़ी इलाके में हुई। साहू परिवार ने पड़ोस में रहने वाले 30 वर्षीय अजय धाकड़ पर अपने परिवार की लड़की के साथ छेड़खानी का आरोप लगाया और उसे घर से घसीटकर बाहर सड़क पर ले आए। अजय धाकड़ को पीटने वाले लोगों का आरोप था कि अजय उनके परिवार की एक लड़की के साथ छेड़खानी करता है।  

अजय को सड़क पर लाने के बाद उसके हाथ-पैर बांध दिये गये और तालिबानी अंदाज़ में लाठी डंडों से उसकी पिटाई शुरु कर दी गयी। इस दौरान एक लड़की ने भी अजय के शरीर पर वार किया। अजय की पिटाई होता देख उसकी पत्नी और सात वर्षीय बच्चा सहम गये। दोनों अजय को छोड़ देने की रहम मांगते रहे। लेकिन भीड़ ने हमला जारी रखा जबकि मौके पर मौजूद लोग मूकदर्शक घटना का आनंद लेते दिखे। कुछ तो वीडियो बनाने में लगे रहे। 

बुरी तरह से पिटाई होने के कारण अजय बेहोश हो गया। जिसे बाद में एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लेकिन वह बोलने की स्थिति में नहीं है। इस दौरान बचाव करती उसकी पत्नी भी घायल हो गयी है।  

इस पूरे मामले में कुछ लोगों के गिरफ्तार किये जाने की खबर है। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक अजय धाकड़ और साहू परिवार के बीच पहले भी अन्य मसलों को लेकर विवाद होता रहा है।