कांग्रेस ने शुरू किया घर-घर चलो अभियान, मिशन 2023 के लिए सड़कों पर उतरे दिग्गज

देवास में पीसीसी चीफ कमलनाथ ने शुरू किया घर-घर चलो अभियान, राजधानी भोपाल में पीसी शर्मा ने, गुना में जयवर्धन सिंह ने संभाला मोर्चा, घर-घर जाकर बता रहे हैं सरकार की विफलता

Updated: Feb 01, 2022, 12:36 PM IST

भोपाल। मिशन 2023 के लिए जुटी मध्य प्रदेश कांग्रेस ने मंगलवार से 'घर चलो, घर-घर चलो' अभियान की शुरुआत की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने देवास में इस अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ता 65 हजार बूथों में जाएंगे और राज्य सरकार की नाकामियां गिनाएंगे।

अभियान के तहत देवास पहुंचे कमलनाथ ने कहा कि, 'कांग्रेस का घर हमारे महात्मा गांधी जी का घर है, हमारे डॉ. आंबेडकर जी का घर है, हमारे नेहरू जी का घर है, हमारा कांग्रेस का घर देश की संस्कृति का घर है। हमारे देश की संस्कृति जोड़ने की संस्कृति है, दिल जोड़ने की, संबंध जोड़ने की, रिश्ता जोड़ने की, ये कांग्रेस का घर है।'

राजधानी भोपाल में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पीसी शर्मा ने घर-घर चलो अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान पीसी शर्मा ने कहा कि अभियान के तहत जनता की समस्याओं को कांग्रेस कार्यकर्ता सुनेंगे और सदन से लेकर सड़क तक कांग्रेस पार्टी जनता के मुद्दे उठाएगी। पार्टी के कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर 15 महीने की कांग्रेस सरकार की उपलब्धियां बताएंगे।

यह भी पढ़ें: आंदोलन से हारी हुई सरकार किसानों से बदला ले रही है, बजट में किसानों की अनदेखी पर योगेंद्र यादव का वार

प्रदेश के सभी जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ता गली-मोहल्ले और सड़कों पर दिखे। गुना में कांग्रेस के युवा विधायक जयवर्धन सिंह ने घर-घर जाकर नागरिकों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार से कई सवाल किए। उन्होंने कहा कि 15 महीनों की कांग्रेस सरकार ने आम जनता को राहत दी, लेकिन BJP की सरकार फिर जनता को परेशान कर रही है। कांग्रेस का यह घर चलों अभियान निरंतर जारी रहेगा। 

इसके अलावा सिहावल में विधायक कमलेश्वर पटेल, चाचौड़ा में विधायक लक्ष्मण सिंह ने लोगों से घर-घर जाकर मुलाकात की। बता दें कि मध्य प्रदेश चुनाव में अब करीब डेढ़ साल ही शेष बचे हैं। चुनाव पूर्व कांग्रेस राज्यभर में सक्रिय है। कांग्रेस के इस अभियान को भाजपा का बूथ विस्तारक अभियान के काट के रूप में देखा जा रहा है।