मंत्री मोहन यादव ने राष्ट्रपिता को बताया फर्जी पिता, सोशल मीडिया पर हुआ पुरजोर विरोध

मोहन यादव ने महात्मा गांधी के साथ साथ पंडित नेहरू, पूर्व पीएम इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के लिए भी अपशब्द कहे, मोहन यादव के पोस्ट पर लोग अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं और मंत्री की जमकर आलोचना कर रहे हैं

Updated: Jan 28, 2022, 05:24 AM IST

भोपाल। शिवराज सरकार के मंत्री अब खुले तौर पर देश के राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्रियों को लेकर अमर्यादित बयान देने पर उतारू हो गए हैं। शिवराज सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री के पद पर बैठे मोहन यादव ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को फर्जी पिता करार दे दिया है। इसके साथ ही भाजपा नेता ने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को लेकर भी अपशब्द कहे हैं।

इतना ही नहीं मोहन यादव ने पूर्व पीएम इंदिरा गांधी और राजीव गांधी को लेकर भी अपशब्द कहे हैं। इसके साथ ही भाजपा नेता ने यह दावा किया है कि भारत अब तक गुलाम था, लेकिन अब सही मायनों में स्वतंत्र हो रहा है। 

क्या कहा मोहन यादव ने 

दरअसल मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट की है, जिसमें भाजपा नेता ने गणतंत्र दिवस की परेड का जिक्र करते हुए कहा है कि गणतंत्र दिवस की परेड में नेताजी सुभाष चंद्र बोस और सरदार वल्लभभाई पटेल थे। मोहन यादव ने बिना नाम उल्लेखित किए हुए कहा कि परेड में न तो देश के फर्जी पिता थे, न ही फर्जी चाचा थे, न लोहे की महिला थी, न ही कम्प्यूटर के आविष्कारक थे। 

मोहन यादव ने आगे लिखा कि परेड में काशी विश्वनाथ की झांकी थी, देवी वैष्णो देवी की झांकी थी, सनातन संस्कृति का नज़ारा था। मेरा देश सही में बदल रहा है, अंग्रेजी गुलामों के जबड़ों से निकल रहा है, मेरा देश सही में स्वतंत्र हो रहा है। 

मोहन यादव के इस पोस्ट पर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस नेता ने तंज कसते हुए कहा है कि मंत्री जी से इतिहास को उम्मीद भी नहीं की जानी चाहिए। उन्हें जो संघ ने पढ़ाया है, वही तो वो बताएंगे।