MPYC चीफ डॉ विक्रांत भूरिया को भोपाल पुलिस ने किया गिरफ्तार, प्रदेशभर में आंदोलन करेगी यूथ कांग्रेस

गिरफ्तारी के बाद डॉ विक्रांत भूरिया बोले- हम राहुल गांधी की सेना हैं, सावरकर के नहीं जो गिरफ्तारी से डर जाएंगे। हम कांग्रेसी हैं, हमने पूरी जिंदगी जेलों में गुज़ार कर देश को आज़ाद करवाया है, जेल जाने से हम न डरे हैं ना डरेंगे।

Updated: Mar 26, 2023, 01:41 PM IST

झाबुआ। मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ विक्रांत भूरिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि भूरिया को गिरफ्तार करने भोपाल से पुलिस की एक टीम झाबुआ पहुंची थी। गिरफ्तारी को लेकर डॉ भूरिया ने कहा कि हम जेल जाने से नहीं डरते। भूरिया की गिरफ्तारी के खिलाफ मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक भोपाल पुलिस ने डॉ विक्रांत भूरिया को बिना अनुमति के प्रदर्शन करने और ट्रेन को रोकने के आरोप में गिरफ्तार किया है। दरअसल, भूरिया ने दो दिन पहले राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द होने को लेकर अपने कार्यकर्ताओं के साथ रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर बड़ा विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान एक एक्सप्रेस ट्रेन को रोका गया था। साथ ही कई कार्यकर्ता पटरी पर लेट गए थे। इसी मामले भोपाल पुलिस ने विक्रांत भूरिया को गिरफ्तार किया है।

बताया जा रहा है कि जब पुलिस विक्रांत भूरिया को गिरफ्तार करने उनके घर पहुंची तो कांग्रेस कार्यकर्ता और पुलिस के बीच झूमाझटकी हुई। भूरिया को गिरफ्तार करने भोपाल पुलिस जब झाबुआ की गोपाल कॉलोनी स्थित निवास पहुंची तो वहां सैंकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस का विरोध शुरू किया। विरोध प्रदर्शन के लिए यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के आलावा जिले के तीनों कांग्रेसी विधायक भी भूरिया के निवास पहुंचे थे। गिरफ्तारी के बाद डॉ भूरिया को लेकर पुलिस भोपाल के लिए रवाना हो गई है।

भोपाल पुलिस की कार्रवाई पर डॉ भूरिया ने कहा, 'शिवराज सरकार भूल गई कि हम राहुल गांधी की सेना हैं, सावरकर के नही जो गिरफ़तारी से डर जाएंगे। हम कांग्रेसी हैं, हम लोगों ने पूरी जिंदगी जेलों में गुज़ार कर देश को आज़ाद कराया है, जेल जाने से हम न डरे हैं ना डरेंगे। युवाओं और देश के लिए हमारी लड़ाई जारी रहेगी। इंक़लाब ज़िन्दाबाद।'

उधर यूथ कांग्रेस ने इस गिरफ्तारी के खिलाफ प्रदेशभर में प्रदर्शन का ऐलान किया है। मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष विवेक त्रिपाठी ने कहा कि, 'भूरिया की गिरफ्तारी से हम डरने वाले नहीं। इस तानाशाह शिवराज के खिलाफ आज प्रदेशभर में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे।'