उज्जैन में कांग्रेस नेता दिनेश जैन गिरफ्तार, अवैध उत्खनन का आरोप

उज्जैन के महिदपुर में दिनेश जैन पर स्वीकृत किए गए पट्टों के अलावा अन्य स्थानों पर भी अवैध खनन करने का आरोप है, दिनेश जैन के खिलाफ अगस्त 2021 में मुकदमा दर्ज किया गया था

Updated: Jan 18, 2022, 07:35 AM IST

उज्जैन। अवैध खनन मामले में उज्जैन पुलिस ने कांग्रेस नेता दिनेश जैन को गिरफ्तार किया है। महिदपुर थाने की पुलिस ने मंगलवार सुबह दिनेश जैन के घर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। दिनेश जैन पर अवैध खनन और राजस्व चोरी का आरोप है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अगस्त 2021 में दिनेश जैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। जिसके बाद से ही पुलिस दिनेश जैन की तलाश कर रही थी। जिसके बाद आज पुलिस ने दिनेश जैन को गिरफ्तार कर लिया। आज ही पुलिस दिनेश जैन को कोर्ट में पेश करने वाली है।

यह भी पढ़ें : कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह को हुआ कोरोना, खुद ट्वीट कर दी जानकारी

दिनेश जैन पर 2014 में खनिज चोरी का आरोप लगा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस मामले के सामने आने के बाद खनिज अधिकारी ने जांच में पाया था कि दिनेश जैन ने स्वीकृत किए गए पट्टों के अलावा अन्य जगहों पर भी खनन किया है। 

यह भी पढ़ें : भगवंत मान होंगे पंजाब में आम आदमी पार्टी के सीएम का चेहरा, अरविंद केजरीवाल ने किया एलान

इसके बाद राजस्व अनुविभागीय अधिकारी ने दिनेश जैन के ऊपर तीस करोड़ का जुर्माना लगा दिया था। जुर्माना लगाए जाने के खिलाफ दिनेश जैन ने अपील भी की थी, लेकिन तमाम अपील खारिज हो गईं। जुर्माने की राशि का भुगतान न करने के मामले में दिनेश जैन के खिलाफ अगस्त 2021 में मुकदमा दर्ज करा दिया गया। जिसके बाद आज दिनेश जैन को गिरफ्तार कर लिया गया।