वीडी शर्मा को नहीं है पद्म पुरस्कार पाने वालों की जानकारी, कांग्रेस बोली कुछ भक्त लिखा हुआ भी नहीं पढ़ पाते

वीडी शर्मा ने मीडिया को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश से पद्म पुरस्कार पाने वाले लोगों की सूची पढ़ी, लेकिन इसमें वे एनपी मिश्रा का ज़िक्र करना भूल गए

Publish: Jan 26, 2022, 08:57 AM IST

भोपाल। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पद्म पुरस्कार से सम्मानित किए जाने वाले विभूतियों की सूची जारी की गई। इसमें मध्य प्रदेश से पांच लोगों को भी पुरस्कृत किए जाने का एलान हुआ। लेकिन खुद राज्य की सत्ताधारी दल के प्रदेश अध्यक्ष को इस बात की जानकारी नहीं है कि आखिर प्रदेश से कितने लोगों को सम्मानित किए जाने का एलान हुआ है। 

दरअसल बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे मीडिया को संबोधित करते हुए पद्म पुरस्कारों से सम्मानित किए जाने की सूची पढ़ी। लेकिन सूची पढ़ते वक्त भी वीडी शर्मा ने महज़ चार विभूतियों के नाम पढ़े। उनके कागज़ पर दिवंगत एनपी मिश्रा का नाम नहीं लिखा हुआ था। 

वीडी शर्मा के इस वायरल वीडियो पर कांग्रेस ने भी तंज कसा है। कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने कहा है कि कुछ भक्त तो लिखा हुआ भी नहीं पढ़ पाते। नरेंद्र सलूजा ने एनपी मिश्रा को भी याद कर लेने की हिदायत दे दी। 

कांग्रेस प्रवक्ता ने वीडी शर्मा का वीडियो साझा करते हुए कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जी, एमपी से चार नही पाँच लोगों को पद्मश्री पुरस्कार मिले है।जिस लिखे हुए काग़ज़ से आप जो नाम पढ़ रहे है , उसमें सुधार कर लीजिये।भोपाल के मरीज़ों के मसीहा डॉ.एनपी मिश्रा जी को भी मरणोपरांत पद्मश्री मिला है। ज़रा उनको भी नमन कर याद कर लीजिये।

वहीं पूर्व सीएम व पीसीसी चीफ कमल नाथ ने पद्म पुरस्कार से सम्मानित किए जाने वाली विभूतियों को शुभकामनाएं दी। कमल नाथ ने कहा कि पद्म पुरस्कारों से सम्मानित देश के विभिन्न क्षेत्रों की सभी महान विभूतियों को शुभकामनाएं।मध्य प्रदेश के चिकित्सा क्षेत्र से डॉ एन.पी.मिश्रा (मरणोपरांत),कला क्षेत्र से दुर्गाबाई व्याम, रामसहाय पांडे, अर्जुन सिंह धुर्वे, शिक्षा एवं साहित्य क्षेत्र से अवध किशोर जडिया को पद्मश्री पुरस्कार मिलने पर हार्दिक शुभकामनाएं।आप सभी इसी प्रकार देश का ,प्रदेश का , समाज का गौरव बढ़ाते रहें , आप सभी के उज्जवल भविष्य की कामना।