विभा पटेल बनी मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की नई अध्यक्ष, पूर्व में रह चुकी हैं भोपाल महापौर

मध्य प्रदेश कांग्रेस ने ट्वीट कर महिला कांग्रेस के नए अध्यक्ष के नाम की पुष्टि की, विभा पटेल का कांग्रेस संगठन में काम करने का लंबा अनुभव रहा है

Updated: Mar 02, 2022, 12:20 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस को नई अध्यक्ष मिल गई है। दिग्गज नेतृ विभा पटेल अब महिला कांग्रेस का कमान संभालेंगी। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी है। आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देजनर विभा पटेल की नियुक्ति को बेहद अहम माना जा रहा है।

मध्य प्रदेश कांग्रेस ने विभा पटेल की नियुक्ति का आदेश भी शेयर किया है। इसमें कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने लिखा है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने विभा पटेल को मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी है।

दरअसल, मिशन 2023 के लिए जुटी मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठनात्मक तौर पर खुद को मजबूत करने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है। हाल ही में हुई नियुक्तियों को लेकर मामूली विवाद होने पर कांग्रेस नेतृत्व ने प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारिणी को भंग कर दिया था। साथ ही प्रदेश अध्यक्ष अर्चना जायसवाल को भी पद से हटा दिया गया। 

माना जा रहा है कि महिला कांग्रेस में एकजुटता लाने के लिए विभा पटेल के नाम पर सहमति बनी। विभा पटेल को संगठनात्मक कार्यों का लंबा अनुभव रहा है। वह भोपाल की महापौर रहा चुकी हैं और अपने कार्यकाल के दौरान किए गए विकास कार्यों के लिए उनकी सराहना की जाती है। विभा पटेल पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की करीबी मानी जाती हैं।