Lockdown 4.0 : विदेश से 93 यात्री पहुंचे इंदौर

vande bharat mission ने देश में पहुंंचाया, 14 दिन क्वारंटाइन सेंटर और 14 दिन होम क्वारंटाइन में रहेंगे यात्री

Publish: May 25, 2020, 02:34 AM IST

कोरोना महामारी के चलते पिछले दो महीने लंदन में फंसे मध्य प्रदेश के नागरिकों की घर वापसी हुई है। रविवार सुबह प्रदेश के 93 यात्रियों को लेकर एयर इंडिया का विशेष विमान मुंबई होते हुए इंदौर एयरपोर्ट पर पहुंचा। इसमें इंदौर और मध्यप्रदेश समेत अन्य राज्यों के यात्री भी शामिल हैं। एयरपोर्ट पर यात्रियों की मेडिकल जांच की गई।

इंदौर प्रशासन के मुताबिक इन यात्रियों को 14 दिन क्वारंटाइन सेंटर और 14 दिन होम क्वारंटाइन में रहना होगा। जो यात्री इंदौर के हैं, उन्हें इंदौर के दो होटलों अमर विलास और रेजेंटा में क्वारंटाइन कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यवस्था की है। होटल का चार्ज उन्हें खुद देना होगा। इन होटलों के लिए विशेष रियायती पैकेज भी प्रशासन ने उपलब्ध कराया है।अन्य जिले के यात्रियों को एयरपोर्ट से बस और टैक्सी के द्वारा अपने जिलों में भेजा जा रहा है, जिला मुख्यालय पहुँचने पर सभी यात्रियों को क्वारंटाइन होना होगा।

गौरतलब है कि विदेश में फंसे भारतीयों की वतन वापसी के लिए केंद्र सरकार द्वारा वंदे भारत मिशन के तहत विशेष उड़ानों का संचालन किया जा रहा है। इंदौर के साथ ही ओमान से 132 लोगों को बिहार लाया गया है। विशेष फ्लाइट से 132 लोग ओमान से दिल्ली और फिर दिल्ली से गया पहुंचे।