मुंबई में ट्रैफिक जाम की वजह से हो रहे हैं तलाक, देवेंद्र फडणवीस की पत्नी का अजीबोगरीब दावा

पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस ने कहा कि मुंबई में ट्रैफिक जाम की वजह से लोग घर पर समय नहीं दे पाते और इस वजह से उनका तलाक हो रहा है

Updated: Feb 05, 2022, 09:57 AM IST

मुंबई। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस अक्सर सुर्खियों में रहती हैं। इस बार उन्होंने एक ऐसा आंकड़ा पेश किया है कि वह मजाक की पात्र बन गईं हैं। दरअसल, अमृता फडणवीस ने कहा है कि मुंबई शहर में ट्रैफिक जाम की वजह से तलाक हो रहे हैं।

अमृता फडणवीस ने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान कहा कि, 'क्या आप जानते हैं कि मुंबई में तीन फीसदी तलाक ट्रैफिक जाम के कारण होते हैं? क्योंकि लोग अपने परिवार को समय नहीं दे पाते हैं?' सड़कों पर गड्ढों और ट्रैफिक में फंसने से मैं व्यक्तिगत रूप से परेशान हूं।' 

फडणवीस ने आगे कहा कि, 'भूल जाओ कि मैं देवेंद्र फडणवीस की पत्नी हूं। मैं आपसे एक महिला के रूप में बात कर रही हूं। मैंने सड़कों पर गड्ढों और ट्रैफिक का अनुभव किया है। एक बार जब मैं बाहर जाती हूं तो मुझे गड्ढों, यातायात सहित कई मुद्दे दिखाई देते हैं। मुंबई में ट्रैफिक जाम और गढ्ढे बहुत बड़ी समस्या है। सरकार का ध्यान इन सब से हटकर खुद की जेब भरने पर है।'

यह भी पढ़ें: हम बेटियों का भविष्य छीन रहे हैं, मां सरस्वती भेद नहीं करती, कर्नाटक हिजाब विवाद पर राहुल गांधी

शिवसेना की महिला नेताओं ने इस बयान पर फडणवीस का जमकर मखौल उड़ाया है। सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने ट्वीट किया, 'बेस्ट इलॉजिक ऑफ़ द डे का पुरस्कार उस महिला को जाता है जो दावा करती है कि 3 फीसदी मुंबई के लोग सड़कों पर ट्रैफिक के कारण तलाक दे रहे हैं। कृपया छुट्टी का ब्रेक लें। बेंगलुरु के परिवार कृपया इसे पढ़ने से बचें, आपकी शादियों के लिए घातक साबित हो सकता है।' 

शिवसेना की प्रवक्ता मनीषा कायंदे ने कहा कि लगता है हमारी मामी नया शोध कर रही हैं। उनके लिए विशेष बौद्धिक शिविर का आयोजन किया जाना चाहिए। उधर इस बयान पर मुंबई की महापौर किशोरी पेडणेकर ने भी पलटवार किया है। महापौर ने कहा की, 'हमने कभी दावा नहीं किया कि मुंबई की सड़कें चिकनी हैं, लेकिन जैसे ही हमें जानकारी मिलती है, सड़कों की मरम्मत की जाती है। ट्रैफिक जाम के कारण लोग तलाक ले रहें हैं यह बयान गलत है। भाजपा फिलहाल मुंबई को बदनाम करने के लिए प्रचार कर रही है।'