AAP को पंजाब में हार का डर, केजरीवाल बोले- SSM खा जाएगा हमारा वोट, BJP से मिलाए सुर

अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि यदि किसानों की पार्टी संयुक्त समाज मोर्चा अकेले चुनाव लड़ती है तो आम आदमी पार्टी को नुकसान होगा

Updated: Jan 12, 2022, 11:19 AM IST

Photo Courtesy: India TV
Photo Courtesy: India TV

चंडीगढ़। पंजाब में अति आत्मविश्वास के साथ चुनाव अभियान की शुरुआत करने वाली आम आदमी पार्टी को अब हार का डर सताने लगा है। आप के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल के आज के बयान ने पार्टी के इस डर को सार्वजनिक कर दिया है। केजरीवाल ने आशंका जताई है कि किसानों की पार्टी के कारण आप को नुकसान होगा।

दरअसल, दिल्ली सीएम केजरीवाल बुधवार को मोहाली में आम आदमी पार्टी का 'पंजाब मॉडल' पेश करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि, 'मैं मानता हूं कि अगर किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल के नेतृत्व में संयुक्त समाज मोर्चा पंजाब विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगा, तो यह निश्चित रूप से आम आदमी पार्टी का वोट खा जाएगा।'

बताया जा रहा है कि केजरीवाल बार-बार किसान नेता राजेवाल से मिन्नतें रहे हैं कि वह AAP से गठबंधन कर लें। हालांकि, राजेवाल ने सार्वजनिक रूप से यह स्पष्ट कर दिया है कि उनकी पार्टी AAP के साथ कोई समझौता नहीं करेगी। केजरीवाल ने आज बीजेपी नेताओं के सुर से भी सुर मिलाया। उन्होंने पीएम मोदी की कथित सुरक्षा चूक को लेकर सीएम चन्नी को निशाने पर लेते हुए कहा कि राज्य में सभी की सुरक्षा होनी चाहिए चाहे वह प्रधानमंत्री हों या कोई और।

यह भी पढ़ें: अमरिंदर सिंह कोरोना पॉजिटिव, खुद को किया आइसोलेट

बता दें की केजरीवाल इन दिनों दिल्ली से ज्यादा पंजाब पर ही फोकस कर रहे हैं। चूंकि, आम आदमी पार्टी का बीजेपी और अकाली दल के मुकाबले पंजाब में जनाधार बेहतर है। पार्टी की पूरी कोशिश है कि किसी भी तरह राज्य में उसकी सरकार बन जाए। हालांकि, किसानों में AAP को लेकर नाराजगी है। केजरीवाल की दिल्ली पुलिस द्वारा कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों को प्रताड़ित करने की खबर आ चुकी है। ऐसे में अब केजरीवाल किसान नेता राजेवाल से समर्थन लेकर किसानों की नाराजगी दूर करना चाहते हैं।