Assembly elections 2022: यूपी में शाम 5 बजे तक 57.58 फीसदी मतदान, पंजाब में 63 फीसदी के पार पहुंचा आंकड़ा

पंजाब की सभी 117 और यूपी की 59 विधानसभा सीटों पर मतदान शुरू हो गया है। पंजाब में लंबे समय बाद ऐसा चुनावी माहौल है कि चार दल सत्ता के लिए दावेदारी पेश कर रहे हैं। यूपी की बात करें तो आज अखिलेश यादव की किस्मत का फैसला भी ईवीएम में बंद होगा। 2017 में भाजपा ने इन 59 में से 49 सीटों पर जीत हासिल की थी।

Updated: Feb 20, 2022 12:37 PM IST

पंजाब के 2.14 करोड़ मतदाता 1304 उम्‍मीदवारों के भाग्‍य का फैसला करने के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। राज्‍य में दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है, जिसमें कई दिग्‍गज नेताओं की प्रतिष्‍ठा दांव पर है। 117 निर्वाचन क्षेत्रों में 1,304 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें से 1,209 पुरुष, 93 महिलाएं और दो ट्रांसजेंडर शामिल हैं। 2017 के पंजाब विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने 117 सीटों में से 77 पर कब्‍जा जमाया था, जबकि शिरोमणि अकाली दल को 18 सीटें मिली थीं। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी 20 सीटों के साथ दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी।

उत्तर प्रदेश में 5 बजे तक 57.44% मतदान

उत्तर प्रदेश में शाम 5 बजे तक 57.44% लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया वहीं पंजाब में 63.44% लोगों ने मतदान किया।

पंजाब में 3 बजे तक 49.81 फीसदी वोटिंग

पंजाब में दोपहर 3 बजे तक 49.81 फीसदी वोटिंग हुई है, जबकि उत्तर प्रदेश में महज 48.81 फीसदी लोगों ने ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।

पंजाब में 1 बजे तक 34.10 फीसदी वोटिंग

पंजाब में दोपहर 1 बजे तक 34.10 फीसदी वोटिंग हुई है, जबकि उत्तर प्रदेश में 35.88 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।

करहल में पोलिंग पार्टियों को धमका रहे एसपी सिंह बघेल

समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाया है कि, 'मैनपुरी जिले की विधानसभा करहल 110 बूथ संख्या 319, 320 पर बीजेपी प्रत्याशी एसपी सिंह बघेल पोलिंग पार्टियों को धमका रहे हैं।' सपा ने इस बेहद गंभीर मामला बताते हुए चुनाव आयोग और जिला प्रशासन से संज्ञान लेकर निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव कराने की मांग की है। बता दें कि करहल सीट से ही अखिलेश यादव चुनाव लड़ रहे हैं।

पंजाब में 11 बजे तक 17.77 फीसदी मतदान

पंजाब में सुबह 11 बजे तक 17.77 फीसदी मतदान हुआ है। पंजाब की सभी 117 सीटों पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान चल रहा है। उत्तर प्रदेश में 11 बजे तक 21.18 फीसदी लोग वोट दे चुके हैं।

सैफई में अखिलेश यादव ने डाला वोट

सैफई में अखिलेश यादव ने डाला वोट

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनकी पत्‍नी डिंपल यादव ने सैफई में रविवार को मतदान किया। इसके बाद उन्‍होंने लोगों से बड़ी संख्‍या में मतदान करने की अपील की।

पंजाब में 9 बजे तक 4.8 फीसदी वोटिंग

पंजाब में सुबह 9 बजे तक 4.80 फीसदी वोटिंग हुई है, जबकि उत्तर प्रदेश में 8.15 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।

सोनू सूद की बहन ने डाला वोट

सोनू सूद की बहन ने डाला वोट

पंजाब विधानसभा चुनाव में मोगा से कांग्रेस प्रत्याशी और अभिनेता सोनू सूद की बहन मालविका सूद ने राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मतदान किया। उन्होंने कहा कि एक नागरिक और मोगा की बेटी के रूप में मेरा कर्तव्य है कि मैं मोगा शहर को आगे ले जाऊं।

भगवंत मान ने डाला वोट

भगवंत मान ने डाला वोट

आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री चेहरे भगवंत मान ने सुबह मतदान शुरू होते ही अपना वोट डाल दिया है। उन्होंने मोहाली में गुरुद्वारे में मत्था टेकने के बाद सीधे फेज-3 के पोलिंग बूथ पहुंचकर वोट डाला। मान संगरूर जिले की धूरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वोट डालने के बाद वह संगरूर के लिए रवाना हो गए।

मुलायम सिंह यादव से मिले शिवपाल

मुलायम सिंह यादव से मिले शिवपाल

उत्‍तर प्रदेश की 59 विधानसभा सीटों पर आज कई दिग्‍गज अपनी किस्‍मत आजमा रहे हैं। इटावा की जसवंतनगर सीट से चुनाव लड़ रहे शिवपाल सिंह यादव ने रविवार सुबह इटावा पहुंचकर मुलायम सिंह यादव से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्‍होंने कहा, 'मुझे भरोसा है कि हम चुनाव में बड़ी जीत पाएंगे। मुझे लगता है कि प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) और सपा का गठबंधन 300 से अधिक सीट जीतेगा।

शरीर एक वोट दो

शरीर एक वोट दो

जुड़वां वोटर सोहना-मोहना भी वोट करने के लिए अमृतसर के मानावाला स्कूल स्थित पोलिंग बूथ पर पहुंच गए हैं। उनके बीच में चादर तानकर दोनों को अलग-अलग वोट डालने का मौका दिया गया। 

भगवंत मान ने गुरुद्वारे पर टेका मत्था

आम आदमी पार्टी के सीएम प्रत्‍याशी भगवंत मान ने रविवार को सुबह गुरुद्वारे पर माथा टेका। इसके बाद उन्‍होंने कहा, 'आज पंजाब के लिए बड़ा दिन है। कांग्रेस और बीजेपी ने मिलकर मेरे और मेरी पार्टी के खिलाफ आरोप लगाए हैं। लंकिन पंजाब के लोग सब जानते हैं।'

CM चन्नी ने शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की

पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने मतदान शुरू होने से पहले शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि, 'पंजाब में अच्छी सरकार आए, पारदर्शी सरकार आए, नेक नीति के साथ अगली सरकार चलाने का मौका मिले। मैं हमेशा सभी का भला मांगने वाला हूं इसलिए मैंने पूरे पंजाब के भले के लिए प्रार्थना की।'